गढ़वा : गढ़वा में 18 दिसंबर को भाकपा माले के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव कामरेड विनोद मिश्रा के 26वें और विनोद बिहारी महतो के 30वें स्मृति दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुषमा मेहता के आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक मिनट का मौन रखकर दोनों महान नेताओं को पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान भाकपा माले नेताओं ने कहा कि आज देश में किसान, मजदूर, छात्र और नौजवान सांप्रदायिक हमलों के शिकार हो रहे हैं। भाजपा जनहित के मुद्दों को दबाकर नफरत और विभाजनकारी राजनीति को बढ़ावा दे रही है।
पार्टी नेताओं ने घोषणा की कि 19 दिसंबर से गढ़वा जिले में पंचायत स्तर पर "जोहार पदयात्रा" शुरू की जाएगी।
Advertisement
यह अभियान एक महीने तक चलेगा, जिसमें जनता के बीच जाकर संवाद स्थापित किया जाएगा। इस दौरान जनता के मुद्दों को नोट किया जाएगा, नए सदस्य जोड़े जाएंगे और जन आंदोलन को मजबूत करने की तैयारी की जाएगी। फरवरी 2024 तक 3000 नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। 16 जनवरी को महेंद्र सिंह के शहादत दिवस पर एक बड़ी जनसभा और 22 जनवरी को प्रमंडल स्तरीय कैडर कन्वेंशन गढ़वा में आयोजित किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य मुख्य अतिथि होंगे।
नेताओं ने संगठन को गतिशील बनाने और हर स्तर पर जनसंवाद को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक आंदोलन को तेज करने की योजना बनाई गई है। इस अवसर पर जिला सचिव कालीचरण मेहता, राज्य कमेटी सदस्य सुषमा मेहता, जिला कमेटी सदस्य अख्तर अंसारी, अनिल तिवारी, सूर्यदेव चौधरी, मन्नू राम, सुरेश चौधरी, कुंदन मेहता, अर्जुन चौधरी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
Advertisement
सभी ने पार्टी को मजबूत बनाने और जनता के मुद्दों के लिए संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।