भवनाथपुर : भवनाथपुर प्रखंड में अबुआ आवास योजना में व्याप्त भ्रष्टाचार और गड़बड़ी को लेकर भवनाथपुर पंचायत समिति सदस्य एवं पंचायत समिति सदस्य संघ के प्रखंड अध्यक्ष चन्दन कुमार ठाकुर ने 8 सूत्री मांगों को लेकर मंगलवार को प्रखंड कार्यालय परिसर में आमरण अनशन शुरू कर दिया।
पंसस चन्दन ठाकुर ने बताया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही अबुआ आवास योजना में पारदर्शिता की कमी के कारण योग्य एवं जरूरतमंद लोगों को आवास का लाभ नहीं मिल पा रहा है। आवास का जियो टैग करने का कार्य सरकार द्वारा चुने गए स्वयंसेवक का है, लेकिन उनसे यह कार्य नहीं कराया जा रहा है। अबुआ आवास के प्रतीक्षा सूची का प्रकाशन सभी पंचायत सचिवालय में दीवार लेखन के माध्यम से नहीं होने के कारण इस योजना में भ्रष्टाचार व्याप्त है, जिससे गरीब, गृह विहीन, दिव्यांग और आवास विहीन लोगों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है।
सभी पंचायतों में मनरेगा योजना का संचालन पंचायत समिति सदस्य एवं वार्ड सदस्य की जानकारी के बिना हो रहा है, जिससे मनरेगा में भी भ्रष्टाचार हावी है। 2018 से अब तक मनरेगा से बने पशु शेड, मिट्टी मोरम सड़क, कूप निर्माण योजना का सामग्री मद एवं मेठ, मिस्त्री का पैसा बकाया है, जिससे लाभुक परेशान हैं। राष्ट्रीय वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन योजना के लाभुकों का 5 माह से पेंशन बकाया रहने से परेशानी हो रही है।
पंसस चन्दन कुमार ठाकुर ने बताया कि उपरोक्त मुद्दों को लेकर कई बार अधिकारियों को आवेदन दिया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसलिए वे बाध्य होकर ग्रामीणों के साथ आमरण अनशन पर बैठे हैं। यह अनशन मांगे पूरी होने तक चलेगा।
मौके पर मनोज पहाड़िया, अरसली दक्षिणी पंसस शकील अहमद, सुरेश गुप्ता, दयानन्द यादव, ब्रह्मदेव चंद्रवंशी, वार्ड सदस्य मनोज बैठा, घनश्याम शुक्ला, दयानंद प्रजापति, महेंद्र बैठा, विनोद पासवान, सुरेश प्रजापति, उर्मिला देवी, सरिता देवी, रीना देवी, प्रभा देवी, लक्ष्मी देवी, गुड्डी देवी, प्रतिमा देवी सहित अन्य लोग मौजूद थे।