गढ़वा :
आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत मझिआंव प्रखंड के खरसोता ग्राम पंचायत में नीति आयोग के इंडिकेटर में सुधार हेतु पिरामल फाउंडेशन द्वारा सक्षम ग्राम पंचायत को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का आयोजन पिरामल टीम कामेश कुमार, दुर्गेश तिवारी, जयंती मिश्रा द्वारा किया गया।
कार्यशाला में मुखिया, उप मुखिया, पंचायत समिति, वार्ड सदस्य, सेविकाएं, स्वास्थ्य सहिया, स्कूल के प्रधानाध्यापक और ग्रामीण जन उपस्थित रहे। कार्यशाला में कामेश कुमार ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण के नीति आयोग के सूचकांक में सुधार लाना है। उन्होंने नवजात शिशु, गर्भवती महिला एवं धात्री महिला की उचित देखभाल एवं नियमित पोषण आहार और टीका देने पर ध्यान देने को कहा।
उन्होंने बताया की सरकार की जनहित योजनाए जैसे प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान, जननी सुरक्षा योजना, सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना और आयुष्मान भारत योजना को विस्तार पूर्वक बताया और लोगो को इसका पूरा लाभ लेने का आह्वान किया।*
*गांधी फेलो दुर्गेश तिवारी ने शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण के इंडिकेटर को सुधारने हेतु मुखिया, वार्ड मेंबर और ग्रामीणों की भूमिका को विस्तार में बताया। उन्होंने बताया कि कैसे ग्रामीण मिलकर इन सूचकांक पर सुधार कर सकते है। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य का महत्व, महिला सशक्तिकरण और जागरूकता को लेकर विचार व्यक्त किया गया। उन्होंने बताया कि स्कूल प्रोसेस में सुधार हेतु वे मॉर्निंग असेम्बली, बाल संसद, लाइब्रेरी, PTM में सुधार का प्रयत्न कर रहे है, जिससे विद्यालय का शैक्षिक वातावरण में सुधार हो सके।
गांधी फेलो जयंती मिश्रा ने छोटे बच्चों में भाषायी क्षमता बढ़ाने हेतु भारत सरकार और गूगल इंडिया के प्रयास से विकसित किये गए रीड अलोंग एप्प के बारे में लोगो को बताया। जयंती ने बताया कि रीड अलोंग की मदद से छोटे बच्चे हिंदी और अंग्रेज़ी भाषा पर पकड़ बना सकते है तथा मनोरंजक कहानियों के माध्यम से भाषायी दक्षता हासिल कर सकते है। बैठक में मुखिया रीता देवी ने अपनी बात रखते हुए लोगों को ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) को समझाया। विकास कार्यो में पिरामल सदस्यों के प्रयासों की तारीफ करते हुए भविष्य में पूरा सहयोग देने का वादा किया।