गढ़वा : गढ़वा में पुलिस ने मंगलवार को दंगा रोकने को लेकर पूर्वाभ्यास किया। मौके पर गढ़वा थाना के एसआई सुमन कुमार राय की देखरेख में आरएएफ के जवानों ने पूर्वाभ्यास किया।
दंगारोधी उपकरणों से लैस होकर पुलिस जवानों ने गढ़वा थाना परिसर से पूर्वाभ्यास शुरु किया। इस दौरान सायरन बजाते वाहन भी आगे से चल रहा था। जबकि सशस्त्र बल के जवान दंगारोधी उपकरण से सज्जित होकर पैदल मार्च कर रहे थे। जवानों ने थाना परिसर से निकलकर शहर के रंका मोड़ होते हुए मेन रोड से मझिआंव मोड़ तक गए। वहां से फिर उसी मार्ग से गढ़वा थाना परिसर में लौट कर आ गए। पुलिस के जवानों का यह पूर्वाभ्यास लोगों के बीच भी कौतूहल का केंद्र बना रहा। सायरन की आवाज के साथ पुलिस के जवानों का मार्च करते देख कर लोगों को लगा कि कहीं कोई नया मामला तो नहीं आ गया है।
लेकिन बाद में लोगों को यह मालूम हो गया कि पुलिस के जवान दंगारोधी पूर्वाभ्यास कर रहे हैं। मौके पर कई पुलिस अधिकारी व जवान उपस्थित थे।