गढ़वा : विद्या की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती की प्रतिमा का विसर्जन बुधवार की शाम विभिन्न जलाशयों में किया गया। इससे पूर्व पूजा समिति के लोग जुलूस की शक्ल में मां सरस्वती की प्रतिमा विभिन्न वाहनों पर रखकर पूरे गांव के भ्रमण के बाद भक्ति गीतों पर नाचते गाते व जयकारा लगाते बांकी नदी के तट, बंबा डैम, कुंबा डैम, बभनी खाड़ डैम, लौंगा नदी के तट सहित विभिन्न जलाशयों पर पहुंचे और वैदिक मंत्रोचार के बीच मां सरस्वती की प्रतिमा विसर्जन किए। मां सरस्वती पूजा को लेकर 2 दिनों तक पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा पूजा को लेकर बच्चों में काफी उत्साह रहा।
सगमा : प्रखंड मुख्यालय सहित पूरे प्रखंड क्षेत्रों में वसंत पंचमी के दूसरे दिन विद्या की देवी मां सरस्वती को बुधवार को भावपूर्ण और नम आखें से विदाई दी गई।
विदाई के पूर्ण मां सरस्वती की प्रतिमा की सुहागिनों ने खोइछा भराई की रस्म अदा की। शिक्षण संस्थानों सहित विभिन्न समितियों के द्वारा आयोजित मां सरस्वती की स्थापित प्रतिमाओं का विभिन्न जलाशयों में विसर्जित किया गया। दोपहर से ही प्रखंड मुख्यालय के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में विसर्जन की शोभायात्रा शुरू हो गई थी। यह सिलसिला कई घटों तक चला। प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा विभिन्न सड़कों से गुजरती रही। विभिन्न पूजा पंडालों द्वारा अलग-अलग निकाली गई विसर्जन शोभायात्रा में शामिल विद्यार्थी व अन्य लोग डीजे की धुन पर नाचते-थिरकते और एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाते चल रहे थे। धुरकी पुलिस प्रशासन प्रतिमा विसर्जन यात्रा में विशेष नजर बनाए हुए थे।