गढ़वा :
झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ जिला इकाई गढ़वा के संघ कार्यालय में जिलाध्यक्ष सुशील कुमार की अध्यक्षता में आज राजकीयकृत गोविंद प्लस टू उच्च विद्यालय गढ़वा के प्राचार्य तथा झारखंड माध्यमिक शिक्षक संघ गढ़वा के पूर्व अध्यक्ष रहे स्व0 रामनन्दन सिंह का आकस्मिक निधन ईलाज के दौरान राँची में होने पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया जिसमें स्व0 रामनन्दन सिंह की आत्मा की शांति के लिए उपस्थित सभी शिक्षकवृन्द के द्वारा दो मिनट का मौन रखा गया।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ जिला इकाई गढ़वा के संघ संरक्षक-सह-राजकीयकृत बालिका उच्च विद्यालय गढ़वा के प्रधानाध्यापक रेयाज अहमद ने स्व0 रामनन्दन सिंह को स्मरण करते हुए कहा कि स्व0 सिंह राजकीयकृत गोविंद उच्च विद्यालय गढ़वा में 1993 में योगदान करने के पश्चात 14 वर्षों तक प्राचार्य का पद को सुशोभित करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में कई सराहनीय कार्य किया।
वे अपने कुशल व्यवहार एवं नेतृत्व के कारण जिले के तमाम शिक्षकों के बीच काफी लोकप्रिय रहे।वे सदैव याद आएंगे।
राजकीयकृत रामासाहू उच्च विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक आशुतोष झा ने इस श्रद्धांजलि सभा मे अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि स्व0 रामनन्दन सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान सरकारी विद्यालय ही नहीं बल्कि निजी शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों को भी समाहित करने का सार्थक प्रयास किया।साथ ही साथ वे शिक्षा के साथ - साथ खेलकूद एवं सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़ कर शामिल रहा करते थे।वे हमलोगों के बीच सदैव जीवित रहेंगे।
जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने कहा कि स्व0 रामनन्दन सिंह की आकस्मिक निधन से झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ जिला इकाई गढ़वा के तमाम शिक्षकवृन्द शोकाकुल हैं।
इनके द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किये गए कई सुकृत्यों को समस्त शिक्षकवृन्द सदैव याद करते हुए अनुकरण करने का प्रयास करेंगे।
इस श्रद्धांजलि सभा में राजकीयकृत रामासाहू उच्च विद्यालय गढ़वा के पूर्व प्रधानाध्यापक श्रवण कुमार पाल, वरीय लिपिक रामचन्द्र राम,संघ के जिला कोषाध्यक्ष सरफुल्लाह अंसारी,वरीय शिक्षक सूर्यजीत पाण्डे,राजाराम पासवान, अनूप ठाकुर एवं अब्दुल क्यूम उपस्थित रहे।