गढ़वा : तीन दिन कोरोना संक्रमितों से मुक्त रहने के बाद आज पुनः एक बार गढ़वा में चार कोरोना संक्रमितो की पुष्टि हुई है। इसी के साथ एक बार फिर गढ़वा में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने शुरू हुए हैं। स्थानीय स्तर पर हुई जांच में चारों मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसकी जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर एनके रजक ने कहा कि इन चार मरीजों में दो बंशीधर नगर, एक मेराल प्रखंड व एक गढ़वा प्रखंड के वीरबंधा गांव का रहने वाला है। इसमें बंशीधर नगर वह मेराल का कोरोना संक्रमित सरकारी क्वॉरेंटाइन सेंटर में था। जबकि गढ़वा प्रखंड के वीरबंधा गांव में मिले संक्रमित अपने घर पर था। स्वास्थ्य विभाग वीरबंधा में मिले कोरोना संक्रमित के संपर्कित लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
इन सभी मरीजों को सदर अस्पताल गढ़वा में लाया जा रहा है। तीन दिन पहले 25 जून को गढ़वा कोरोना मुक्त हो गया है। कोरोना संक्रमितों से जिला के मुक्त हो जाने के बाद लोग एक दूसरे को बधाई दे रहे थे। इसी क्रम में गढ़वा उपायुक्त हर्ष मंगला ने कहा था कि अभी खुशी मनाने का अवसर नहीं आया है। जब तक राज्य व देश से कोरोना संक्रमण पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता है, खतरा बना हुआ है। इस लिए लोगों को सरकार के गाइडलाइन के हिसाब से सुरक्षित रहने का प्रयास करना चाहिए।
गढ़वा में कोरोना संक्रमित मरीजों की सेंचुरी :
तीन दिन कोरोना संक्रमण से मुक्त होने के बाद आज अचानक चार नए मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि के साथ ही गढ़वा जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की सेंचुरी पूरी हो गई।
इन चार मरीजों के साथ गढ़वा में संक्रमितों की संख्या 100 हो गई है। इसमें 96 मरीज पूरी तरह ठीक होकर अपने घर लौट गए हैं। जबकि नए मिले चार मरीजों सदर अस्पताल गढ़वा में इलाज किया जा रहा है।
1 मई के बाद गढ़वा में विभिन्न प्रदेशों से मजदूरों का आना शुरू हुआ था । मजदूरों के आने के साथ ही यहां कोरोना संक्रमितों की संख्या भी बढ़नी शुरू हुई थी । एक समय गढ़वा में राज्य में सर्वाधिक कोरोना संक्रमित हो गए थे । लेकिन प्रशासनिक सजगता के कारण इस पर नियंत्रण किया जा सका ।
दो महीने तीन दिन बाद गढ़वा कोरोना मुक्त हुआ था। लेकिन तीन दिन बाद ही पुनः संक्रमण युक्त हो गया। गढ़वा में पहला कोरोना संक्रमित मरीज की पहचान 22 अप्रैल को हुई थी। इसके बाद 26 अप्रैल को पहले मरीज के संपर्क में दो अन्य कोरोना संक्रमित की पहचान की गई थी।
एक मई के बाद जब विभिन्न प्रदेशों से मजदूरों का आना शुरू हुआ तो करोना बम के रूप में विस्फोट किया और इन दो महीना तीन दिन के दौरान जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 96 हो गई। लेकिन एक बार फिर जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की सूझबूझ व तत्परता ने गढ़वा को कोरोना मुक्त कर लिया गया था। लेकिन फिर से चार मरीजों के मिलने से जिलावासियों में निराश हुई है।
नए संक्रमितों मे एक नोएडा में ब्रांच मैनेजर :
गढ़वा मे मिले चार नए कोरोना संक्रमितों में मेराल प्रखंड मुख्यालय से मिला कोरोना संक्रमित उत्तर प्रदेश के नोएडा में बैंक में ब्रांच मैनेजर है। जबकि बंशीधर नगर से मिले दोनों संक्रमित मजदूर हैं और महाराष्ट्र के पुणे से पिछले दिनों गढ़वा लौटे हैं। इसी तरह गढ़वा के वीरबंधा गांव में मिला कोरोना संक्रमित हरियाणा से मजदूरी करने के बाद लौटा है।