भवनाथपुर : भवनाथपुर उतरी वन क्षेत्र के रेंज ऑफिस में माइक्रोप्लान तैयार करने के लिए ग्राम वन सुरक्षा समिति के अध्यक्षों का एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित हुई। सृष्टि फाउंडेशन के प्रशिक्षक दीपंकर विश्वास द्वारा माइक्रोप्लान तैयार करने की विस्तृत जानकारी दी। जबकि मौके पर रेंजर अजीत कुमार सिंह ने कहा वन क्षेत्र से सटे गांव में वन विभाग द्वारा ग्रामीण सुविधाओं को देखते हुए पेयजल, सड़क, चेकडैम, पौधोरोपण, मेडबन्दी आदि का कार्य कर गांव का विकास किया जायेगा। उन्होंने कहा कि इसके तहत प्रत्येक वर्ष ग्रामीण क्षेत्रों का विकास किया जाना है। इसलिए जो भी विकास कार्य होगा वह संबंधित ग्राम सुरक्षा समिति के माध्यम से कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जो गांव जंगल से सटे हुए हैं वहां पर नागरिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। उन्होंने सभी समिति के सदस्यों से जंगल को बचाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने कहते हुए कहा कि जंगल मानव सृष्टि के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसके बिना मानव सृष्टि की कल्पना नहीं की जा सकती है। इसे बचाने का दायित्व हम सब पर है। आज जंगल कटने का ही देन है कि हमारा पर्यावरण असंतुलित हो गया है, हमें आने वाले पीढ़ी के बारे में ख्याल रखते हुए जंगल को कटने से रोकना होगा।
इस मौके पर पंकज कुमार,फोरेस्टर विजय राम, वनरक्षी दयाशंकर सिंह, सचित कच्छप, रविकांत प्रसाद, ओमप्रकाश उरांव, कुंदन कुमार, सतीश पाठक, हेमंत कुमार के अलावे वन सुरक्षा समिति के अध्यक्ष उपस्थित थे।