कांडी : प्रखंड क्षेत्र के रतनगढ़ के ग्रामीणों ने युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रभात कुमार दुबे उर्फ बडू दुबे उपस्थिति में बैठक किया। ग्रामीणों ने बताया कि गाँव के पथलोरिया टोला और तारवा टोला के लगभग 60 घरों में आज तक बिजली का कनेक्शन नहीं किया गया है।
ग्रामीणो का कहना था कि टाटा कंपनी के द्वारा लगभग एक साल पहले सिर्फ पोल गाड़ कर छोड़ दिया गया। उपस्थित लोगों का शिकायत था कि बार-बार आवेदन दिये जाने के बाद भी बिजली विभाग और ठेकेदारों ने बिजली कनेक्शन नहीं किया।
वहीं गढ़वा जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रभात कुमार दुबे ने विभागीय अधिकारियों से फोन के माध्यम से बात कर अविलंब कार्य पूर्ण करवाने की बात की। उन्होंने कहा कि कंपनी और विभाग के अधिकारियों की लापरवाही का नतीजा है कि सबस्टेशन से मात्र दो किलोमीटर दूर होने के बावजूद आज तक इस गाँव के लोगों को बिजली नही मिल पा रही है।
उन्होंने कहा कि कंपनी और विभाग के अधिकारियों ने पंद्रह दिन के अंदर कार्य प्रारंभ करने की बात कही है, अगर समय पर कार्य प्रारंभ नही हुई तो ग्रामीणों के साथ मिलकर आगे की रणनीति तय की जायेगी।
मौके पर सिद्धेश्वर यादव, मिथलेश यादव, रमापति पाल, इमाम अंसारी, सुखदेव पाल, सुखराज यादव, बिरजा पाल सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।