मेराल : मेराल में गोवंश के बछड़े की कत्ल की सूचना मिलते ही प्रशासनिक महकमा सक्रिय हुआ। मेराल अंचलाधिकारी यशवंत नायक, बीडीओ गौतम कुमार, इंस्पेक्टर लक्ष्मीकांत, थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार घटनास्थल पर पहुंचे तथा मामले की छानबीन की। उक्त मामले में पुलिस द्वारा दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किया जा रहा है। मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन सक्रिय हुआ ताकि सांप्रदायिक सौहार्द ना बिगड़े।

घटनास्थल पर पहुंचे मुख्यालय डीएसपी दिलीप कुमार खलखो ने पूछे जाने पर बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन काफी सक्रिय हुआ तथा 2 लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ किया जा रहा है। पूछताछ में अन्य लोगों संलिप्तता पाई जाएगी तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उधर घटना की जानकारी मिलते ही बंशीधरनगर के एसडीओ जयवर्धन कुमार भी मेराल पहुंचे तथा पशुपालन विभाग के चिकित्सक द्वारा मृत बछड़े का अंत्य परीक्षण कराया। पोस्टमार्टम के बाद बछड़े को दफना दिया गया।
जानकारी मिलने के बाद योगी सेना तथा भाजपा के लोग भी मेराल पहुंच के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। योगी सेना के प्रदेश अध्यक्ष विपुलधर ने कहा कि गढ़वा में इस तरह की घटना काफी तेजी से हो रही है। इसे रोकने के लिए प्रशासन को सख्त कदम उठाना होगा अन्यथा योगी सेना चरणबद्ध आंदोलन करेगी।

गोवंश की कल की खबर सुनकर जिले के उपायुक्त राजेश कुमार पाठक एवं पुलिस अधीक्षक श्रीकांत इस खोत्रे भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। दोनों अधिकारियों द्वारा उपस्थित लोगों से बातचीत कर शांति व्यवस्था बहाल रखने का कोशिश जारी है स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है।