कांडी (गढ़वा) : प्रखंड क्षेत्र के रणाडीह पंचायत अंतर्गत कुरकुटा गांव के आठ दिव्यांगों को दिव्यांग पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है। कुरकुटा गांव के दिव्यांग लाभुक 32 वर्षीय जनाबूदिन अंसारी, 30 वर्षीय कसीदा बीबी,10 वर्षीय सबनम खातून, 35 वर्षीय आदम अंसारी, 34 वर्षीय मुनि बीबी, 20 वर्षीय अल्ताफ अंसारी, 30 वर्षीय भरत राम सहित अन्य कई लोगों का अभी भी दिव्यांग पेंशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। जिसका उनके पास प्रमाणपत्र भी है। दिव्यांग होने के कारण कार्य नहीं कर पा रहे हैं। कभी-कभी काम मिल जाता है तो उससे रोजी-रोटी चल जा रहा है। ऐसे में जीना अब दूभर हो गया है।

तस्लीम अंसारी ने कहा कि गांव के वार्ड सदस्य एवं मुखिया को कई बार आधार कार्ड की छायाप्रति व बैंक पासबुक के अलावा अन्य कागजात दिए।
आवेदन पर साइन भी करवाया था। शपथ पत्र का खर्च भी दिया था। कई साल हो गए अब तक पेंशन नहीं मिल रहा है। तस्लीम अंसारी ने कहा कि कई बार आवेदन दे चुके हैं। वार्ड सदस्य को दिए, पंचायत के मुखिया को दिए, अंचल कार्यालय में भी आवेदन दिए लेकिन अब तक दिव्यांग पेंशन का लाभ नहीं मिल सका है। इस मामले में कांडी बीडीओ जोहन टुडू ने कहा कि इसकी जांच होगी। जांच के उपरांत पेंशन दिलाने की दिशा में पहल की जाएगी। किस कारण से अब तक पेंशन से वंचित हैं इसे देखा जाएगा।