गढ़वा : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ गढ़वा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और उनका पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रसाद महतो ने किया।
प्रदर्शनकारियों ने “हेमंत सरकार मुर्दाबाद”, “हेमंत सरकार गद्दी छोड़ो” और “आदिवासियों पर अत्याचार बंद करो” जैसे नारे लगाते हुए राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि भोगनाडीह में हुल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान आदिवासी समुदाय पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े, जो कि सरकार के निर्देश पर की गई एक दमनात्मक कार्रवाई थी।
भाजपा जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रसाद महतो ने कहा, “हेमंत सरकार अब तानाशाही की राह पर चल पड़ी है। गरीब आदिवासियों की आवाज को प्रशासनिक बल के जरिए कुचला जा रहा है। जनता बहुत जल्द इस निकम्मी और दमनकारी सरकार को उखाड़ फेंकेगी।” उन्होंने कहा कि भोगनाडीह जैसे ऐतिहासिक स्थल, जहां सिद्धो-कान्हो ने स्वतंत्रता संग्राम की नींव रखी थी, वहां शांतिपूर्ण आयोजन में हस्तक्षेप कर सरकार ने आदिवासी अस्मिता और संस्कृति पर सीधा प्रहार किया है।
इस अवसर पर भाजपा के प्रमुख नेता बिनय चौबे, अरविंद तुफानी, उदय कुशवाहा, ब्रजेश उपाध्याय, टिंकू गुप्ता, संजीव तिवारी, सुरेन्द्र राम, चंचल कुमार, अनवर शाह, संजय ठाकुर, कैलाश कश्यप, अनशाद बाबू, मिथलेश तिवारी और खुर्शीद आलम समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।
प्रदर्शन शांतिपूर्वक संपन्न हुआ, लेकिन भाजपा ने चेतावनी दी कि अगर आदिवासियों पर हो रहे कथित अत्याचार बंद नहीं हुए तो पार्टी चरणबद्ध तरीके से और भी बड़े आंदोलन करेगी।