गढ़वा : आगामी विधानसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर गढ़वा में स्वीप कोषांग के नोडल पदाधिकारी एवं जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रमेश कुशवाहा की अध्यक्षता में समाहरणालय के सभाकक्ष में प्रखंड स्तरीय सभी स्वीप नोडल पदाधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी प्रखंडों में मतदाता जागरूकता के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए।
नोडल पदाधिकारी कुशवाहा ने कम वोटिंग टर्नआउट वाले बूथों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाने, मतदान दिवस पर आयोग के ऑडियो-वीडियो संदेशों के प्रचार-प्रसार, और बूथ स्तर पर प्रचार सामग्री पहुंचाने के निर्देश दिए। निर्वाचन प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए वोटर हेल्पलाइन, सी-विजिल, एवं सक्षम जैसे एप्स का व्यापक प्रचार प्रसार भी करने की बात कही गई।
स्वीप कार्यक्रमों के तहत सिग्नेचर कैंपेन, सेल्फी प्वाइंट, रन फॉर वोट, रंगोली, चौपाल, नुक्कड़ नाटक आदि आयोजित करने के निर्देश दिए गए। मतदाताओं को "केवाईसी" एप के जरिए उम्मीदवारों की जानकारी प्राप्त करने के बारे में भी बताया गया। सोशल मीडिया पर स्वीप की गतिविधियों को साझा करने के साथ, सरकारी व गैर-सरकारी कर्मियों के लिए मतदान दिवस पर सवैतनिक अवकाश की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में प्रभारी पदाधिकारी विमलेश शुक्ला, डीपीएम शाहनवाज असगर, परियोजना अर्थशास्त्री क्षमा प्रिया, परियोजना पदाधिकारी सिया जानकी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।