भवनाथपुर : भवनाथपुर प्रखंड के अरसली उतरी पंचायत की भाजपा महिला मोर्चा की पंचायत संयोजक प्रियंका देवी ने क्षेत्रीय विधायक भानु प्रताप शाही को पत्र लिखकर गड़ले नदी पर पुलिया निर्माण की मांग की है। प्रियंका देवी ने पत्र में बताया कि गड़ले नदी के दूसरी ओर करीब 15 घरों की आबादी है, जिसमें सैकड़ों लोग निवास करते हैं। ग्रामीणों को नदी पार करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, विशेषकर बरसात के मौसम में जब हालात और भी खराब हो जाते हैं। इस दौरान स्कूली बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो जाता है, और लोगों का आवागमन भी ठप हो जाता है।
प्रियंका देवी ने यह भी उल्लेख किया कि गड़ले नदी के पास ही छठघाट स्थित है, और नदी के दूसरी ओर डिहवार बाबा का स्थान है।
जब नदी का जलस्तर बढ़ता है, तो श्रद्धालुओं को पूजा के लिए नदी पार करनी पड़ती है, जिससे उन्हें भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने विधायक भानु प्रताप शाही से इस समस्या का समाधान करते हुए पुलिया निर्माण कराने की मांग की है, ताकि लोगों के आवागमन में सहूलियत हो सके और उनका दैनिक जीवन सुचारू रूप से चलता रहे।