भवनाथपुर : शनिवार को प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान भवनाथपुर प्रमुख शोभा देवी ने भाजपा द्वारा लगाए गए आरोपों को पूरी तरह से निराधार और बेबुनियाद बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पशुधन योजना के अंतर्गत उनके पुत्र विशाल कुमार के नाम पर योजना स्वीकृत होते ही उन्होंने तुरंत बीडीओ को पत्र लिखकर अपने बेटे का नाम योजना से हटाने और जरूरतमंदों को इसका लाभ देने की अपील की थी।
शोभा देवी ने कहा, "भाजपा के लोगों ने बिना तथ्यों की जांच किए, एक सुनियोजित साजिश के तहत मेरी छवि को धूमिल करने का प्रयास किया है। मैं पहले ही पारदर्शिता की मांग कर चुकी हूं और दुबारा से सही तरीके से पात्र लाभुकों का चयन करने की अपील की थी।
"
उन्होंने इस योजना में भवनाथपुर पशुपालन पदाधिकारी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जरूरतमंदों को नजरअंदाज कर कुछ चुनिंदा व्यक्तियों को ही इस योजना का लाभ दिया गया है। शोभा देवी ने इस पूरी प्रक्रिया की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए स्वीकृत योजना को रद्द कर पुनः पारदर्शी तरीके से चयन की अपील की।
इस प्रेस वार्ता में उन्होंने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह हमेशा से जनता के हित में काम करती रही हैं और इस तरह के बेबुनियाद आरोप उनके कार्यों को प्रभावित नहीं कर सकते।