भवनाथपुर : भाजपा मंडल कार्यालय में शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विधायक प्रतिनिधि चंदन कुमार ठाकुर ने मुख्यमंत्री पशुधन योजना में भारी अनियमितता का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ गरीब, आपदा प्रभावित, विधवा, असहाय, किसान और पशुपालक को मिलना चाहिए था, लेकिन नियमों को दरकिनार कर प्रखंड प्रमुख और जिला परिषद सदस्यों ने अपने सगे संबंधियों को लाभ पहुंचाया है।
चंदन ठाकुर ने बताया कि प्रखंड प्रमुख शोभा देवी ने अपने पुत्र विशाल पाठक को पांच गाय योजना का लाभ दिलाया, जबकि जिला परिषद सदस्य रंजनी शर्मा ने अपने पति कुंदन कुमार ठाकुर को ब्रायल कुटकुट योजना के तहत लाभ दिलाया है। इस योजना में गरीब किसानों और विधवाओं की अनदेखी की गई है, और एक ही परिवार से कई लोगों को लाभ दिया गया है।
ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बिना किसी जांच के लाभुकों की सूची जिला को भेज दी। उन्होंने यह भी दावा किया कि कई लाभुकों से दस-दस हजार रुपये की वसूली की शिकायतें भाजपा मंडल अध्यक्ष को मिली हैं।
इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष जय प्रकाश यादव, विधायक प्रतिनिधि सुनील सिंह, भानु गुप्ता, अनिल कुमार चौबे, घनश्याम शुक्ला, संजय यादव, शैलेश कुमार चौबे और डोमन चंद्रवंशी सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।