रंका : झारखंड सरकार को 'झूठ की मशीन' करार देते हुए उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को भाजपा द्वारा आयोजित परिवर्तन सभा में हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि झारखंड में पिछले पांच साल को राज्य की बर्बादी, लूट, वादा खिलाफी और घुसपैठियों को संरक्षण देने के लिए याद किया जाएगा। यह बातें उन्होंने जमा दो उच्च विद्यालय के मैदान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं।
परिवर्तन सभा में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में बाबूलाल मरांडी की अगुवाई में बनने वाली भाजपा सरकार राज्य में विकास की नई गाथा लिखेगी, जिसमें समाज के सभी वर्गों को बिना किसी भेदभाव के लाभ मिलेगा।
Advertisement
मौर्य ने कहा कि अवैध घुसपैठियों को राज्य से बाहर निकालकर भ्रष्टाचार मुक्त झारखंड का निर्माण किया जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने भी राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हेमंत सोरेन सरकार ने जनता से किए वादे पूरे नहीं किए हैं। उन्होंने वर्ष 2019 में रंका में दिए गए हेमंत सोरेन के वादों को याद दिलाते हुए कहा कि सोरेन ने माताओं और बहनों को साल में 72,000 रुपये, चूल्हा खर्च के लिए 2,000 रुपये, बुजुर्गों को 2,500 रुपये पेंशन और पांच लाख नौजवानों को नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन इनमें से कोई भी वादा पूरा नहीं हुआ।
श्री मरांडी ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर माता-बहनों को सम्मान, नौजवानों को रोजगार और भ्रष्टाचारियों को जेल भेजने का काम किया जाएगा।
Advertisement
उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड की सबसे बड़ी समस्या गैरमजरूआ भूमि है, जिसे भाजपा की सरकार बनने के बाद आदिवासियों और हकदारों को पट्टा दिया जाएगा।
सभा को पलामू सांसद वीडी राम, पूर्व विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी, बालमुकुंद सहाय, और अलखनाथ पांडेय ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, विधायक और कार्यकर्ता उपस्थित थे।