मझिआंव : थाना क्षेत्र के तलसबरिया गांव निवासी कैलाश पासवान के 36 वर्षीय पुत्र पलामू जिला पुलिस के जवान प्रदीप कुमार पासवान का शव सोमवार की सुबह में गांव पहुंचा। शव आते ही पूरे घर के परिजन रोने बिलखने लगे। मृतक को देखने वाले लोगों का तांता लगा रहा।
मृतक के परिजनों ने बताया कि प्रदीप पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना के दंगवार पिकेट पर तैनात था। वह पिछले कई माह से लिवर की बीमारी से परेशान था। गढ़वा के चिकित्सकों ने बताया गया कि लिवर में खराबी आ गई है। इसके बाद उसे वाराणसी, दिल्ली एम्स आदि अस्पतालों में दिखाया गया। कोई फायदा नहीं होने पर उसे एआईजी हॉस्पिटल हैदराबाद में ले जाया गया। जहां पर 25 मई को जिला पुलिस जवान की मौत हो गई।
मृतक प्रदीप अपने पीछे अपनी पत्नी बबिता देवी, ग्यारह वर्षीय पुत्र प्रियांशु, माता एवं पिता को छोड़ गया है।
प्रदीप पासवान की मौत के बाद पलामू पुलिस मेन्स एसोसिएशन के सदस्य एवं डाल्टनगंज से पुलिस के जवान उसके गांव पहुंचे। और मृतक के शव को सम्मान देते हुए गार्ड ऑफ ऑनर दिया तथा दो मिनट का मौन रहकर मृतक की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई।
इस अवसर पर पलामू पुलिस परिवार के तरफ से मृतक के अंतिम संस्कार के लिए तत्काल 25 हजार रुपये नगद प्रदान किये गए।
मौके पर मझिआंव थाना प्रभारी आकाश कुमार, पलामू मेंस एसोसिएशन के केंद्रीय संयुक्त मंत्री लालेश्वर राम, उपाध्यक्ष जयप्रकाश पुरी, मंत्री लालू उरांव, कोषाध्यक्ष विक्रांत दुबे, संयुक्त मंत्री कृष्णा कुमार, सुनील कुमार, सुनील प्रसाद, सुनील मेहता, समय राम, विनय कुमार, ईश्वर राम सहित अन्य कई पुलिस जवान उपस्थित थे।
पलामू पुलिस ने पलामू एसपी एवं मेंस एसोशिएशन का जताया आभार :
पलामू जिला में प्रतिनियुक्त आरक्षी प्रदीप पासवान के इलाज में काफी खर्च हो जाने के कारण परिजनों की हालत बहुत खराब हो गई। पैसे के अभाव में एआईजी अस्पताल हैदराबाद ने उक्त जवान का शव देने से अस्पताल प्रबंधक मना कर दिया। ऐसी स्थिति में पुलिस जवान प्रदीप पासवान के परिवार वाले काफी घबरा गए एवं पलामू के पुलिस मेंस के सदस्यों से बात किया।
पुलिस मेंस एसोसिएशन के सदस्यों के द्वारा तत्काल पुलिस अधीक्षक महोदया रिशमा रमेशन को सूचना दिया गया। सूचना के उपरांत बिना विलंब किए अस्पताल में जमा करने वाला राशि 1,20,000 (एक लाख बीज हजार रुपये) तत्काल उपलब्ध कराया गया।
इस महान कार्य के लिए पूरे पलामू पुलिस, पुलिस जवान प्रदीप पासवान का पूरा परिवार एवं पंचायत मुखिया महताब आलम ने एसपी की प्रशंसा कर रहे हैं।
सीधे तौर पर कहा जा सकता है जिसका कोई नहीं उसका मदद भगवान के रूप में एसपी करती हैं।
पुलिस जवान का पार्थिव शरीर एसपी एवं पुलिस मेंस एसोसिएशन पलामू के सहयोग एवं पहल से ही सोमवार की सुबह तलशबरिया आया एवं उनके गांव में ही गढ़वा पुलिस एवं पलामू पुलिस की संयुक्त टीम के द्वारा जिला पुलिस जवान प्रदीप पासवान को सलामी दी गई और अंतिम संस्कार किया गया।