गढ़वा :
200 करोड़ की लागत से बनेगी गढ़वा की तीन महत्वपूर्ण सड़कें, राज्य कैबिनेट ने दी स्वीकृति
गढ़वा जिले की तीन अति महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण किया जाएगा। राज्य कैबिनेट ने इसकी स्वीकृति प्रदान कर दी है। इन तीनों सड़कों के निर्माण पर क़रीब 200 करोड़ रुपए की लागत आयेगी। पथ निर्माण विभाग झारखंड (पीडब्लूडी) द्वारा इनका निर्माण किया जाएगा।
जानकारी देते हुए गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने बताया कि पथ प्रमंडल गढ़वा अन्तर्गत डेंटल मोड़ एनएच 75 से हूर चारमुहान होते हुए नावादोहरी एनएच 343 तक 15 किमी सड़क का निर्माण किया जाएगा। करीब 98 करोड़ की लागत से बनने वाली इस सड़क निर्माण में भूमि अधिग्रहण भी शामिल है।
Advertisement
इसके निर्माण से फरठिया, महुपी, मधेया, हूर, नावादोहरी आदि गांव सीधे पीडब्ल्यूडी सड़क से दोनों एनएच से जुड़ जायेंगे। यह सड़क सात मीटर चौड़ी अर्थात् डबल लेन की होगी। इस पथ के निर्माण होने से एक अतिरिक्त बाईपास की सुविधा भी मिल सकेगी। इससे जुड़े गावों का सामाजिक-आर्थिक विकास भी हो सकेगा। दूसरी सड़क भी अति महत्वपूर्ण है। यह एक ओर एनएच 75 तो दूसरी ओर राज्य राजपथ को जोड़ती है। यह सड़क एनएच 75 से बिकताम, दलेली होते हुए मंझिआव पीडब्ल्यूडी पथ को जोड़ेगी। लगभग नौ किमी की इस सड़क के निर्माण पर भूमि अधिग्रहण सहित क़रीब 40 करोड़ की लागत आएगी। यह सड़क भी डबल लेन सात मीटर की होगी तथा एक बाईपास का कार्य भी करेगी। तीसरी सड़क की मांग भी कई वर्षों से नगर उंटारी एवं गरबांध की जनता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा किया जाता रहा है।
Advertisement
यह सड़क नगर उंटारी एनएच 75 से ग़रबांध होते हुए रोहिनिया पीडब्ल्यूडी तक जाएगी। 15.7 किमी लंबी इस सड़क के निर्माण पर लगभग 62 करोड़ रुपए खर्च होंगे। यह पथ झारखंड एवं यूपी को जोड़ने वाली एक लिंक का कार्य करेगी। आदिवासी एवं नक्सल प्रभावित इस क्षेत्र के लिए यह सड़क एक बड़ा सामाजिक और आर्थिक बदलाव लाएगी।
विधायक श्री ठाकुर ने कहा कि गढ़वा जिले में पिछले चार वर्षों में जो अभूतपूर्व विकास हुआ तथा अगले वर्षों में विकास का विजन के साथ जो ब्लू प्रिंट तैयार हुआ है वह पूर्णरूप से पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सोच और गढ़वा के प्रति उनके असीम स्नेह का ही परिणाम है। गढ़वा की समस्याओं, यहां के लोगों की तकलीफ़ों को उन्होंने न सिर्फ़ देखा था बल्कि महसूस किया था।
Advertisement
आज एक साजिश के तहत उन्हें पदच्युत किया गया है, पर जल्द ही सच सामने आएगा और वे पुनः हमारे बीच होंगे। झूठ, फ़रेब की बुनियाद लंबी नहीं होती।
उन्होंने कहा कि इस सरकार को अपने कार्यकाल पूरा करने में अभी लगभग दस महीने बाक़ी हैं। आगे भी गढ़वा की विकास गाथा की नई कहानियां लिखी जाएगी। गढ़वा की जनता का प्यार, स्नेह और आशीर्वाद इसी तरह मिलता रहा तो आने वाले समय में गढ़वा को सबसे विकसित एवं बेहतर जिला बनने से कोई नहीं रोक सकता है।