गढ़वा :
गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर नि:शुल्क मेगा मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का आयोजन कराएंगे। मंत्री श्री ठाकुर की माता स्व. विमला देवी एवं पिता स्वतंत्रता सेनानी स्व. कौशल कुमार ठाकुर की पुण्य स्मृति में झारखंड स्थापना दिवस के मौके पर इस शिविर का आयोजन किया जाएगा। मंत्री श्री ठाकुर ने रविवार को गढ़वा स्थित अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर यह जानकारी दी।
मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि गढ़वा में पहले विभिन्न क्लबों व संगठनों की ओर से नि:शुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया जाता था। परंतु कोरोना काल से ही अब तक शिविर का आयोजन बंद हो गया है। जिससे मरीजों को काफी परेशानी हो रही है।
Advertisement
इस परेशानी को देखते हुए उन्होंने न सिर्फ गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के मरीजों के लिए बल्कि पूरे गढ़वा जिला के मरीजों के लिए नि:शुल्क मेगा मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस शिविर में मरीजों के रहने, खाने, ऑपरेशन, चश्मा, दवा आदि की सभी व्यवस्था नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। कटक आई हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर उड़ीसा के योग्य चिकित्सको की टीम अत्याधुनिक विधि से मरीजों का ऑपरेशन करेगी। मंत्री ने बताया कि 12, 13 एवं 14 नवंबर को विभिन्न प्रखंडों में स्क्रीनिंग के माध्यम से मरीजों की जांच कर चिन्हित किया जाएगा। जबकि 15 से 20 नवंबर तक सदर अस्पताल में मोतियाबिंद जांच कर मरीजों को ऑपरेशन की तिथि उपलब्ध कराई जाएगी।
Advertisement
इसके लिए जिले भर में झारखंड मुक्ति मोर्चा के पदाधिकारियों एवं विधायक प्रतिनिधियों आदि से लोग संपर्क कर मरीज अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। मंत्री श्री ठाकुर ने विभिन्न संगठनों एवं क्लबों से इस कार्य में सहयोग एवं मार्गदर्शन करने की अपील की है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य रूप से स्वास्थ्य विभाग के विधायक प्रतिनिधि कंचन साहू, झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता धीरज दुबे उपस्थित थे।