गढ़वा :
झारखण्ड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ जिला इकाई गढ़वा के जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने जिले के तमाम माध्यमिक विद्यालयों के प्रभारी/प्रधानाध्यापकों से आग्रह किया है कि दिनांक 21जून से 28 जून तक आयोजित होने वाले "नव नामांकन सप्ताह" के दौरान वर्ग नौ में नामांकन हेतु निर्धारित शुल्क में से "परीक्षा शुल्क" नहीं लिया जाता तो इस वैश्विक महामारी कोरोना काल में छात्रहित एवं अभिभावक हित के दृष्टिकोण से बेहतर होता।
जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने कहा कि विगत शैक्षणिक वर्ष 2020-21 में भी कोरोना महामारी के कारण वर्ग नौ की परीक्षा नहीं ली जा सकी थी।जबकि जिले के सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के द्वारा छात्रों से नामांकन के समय परीक्षा शुल्क ली गई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कई विद्यालयों के द्वारा इस शैक्षणिक वर्ष में भी नामांकन शुल्क में परीक्षा शुल्क संलग्न कर छात्रों का नामांकन लिया जा रहा है।