मेराल : उपायुक्त के आदेशानुसार शनिवार को प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी तथा प्रभारी कल्याण पदाधिकारी द्वारा मेराल प्रखंड मुख्यालय स्थित मान्यता प्राप्त विद्यालय एसडी मेमोरियल एकेडमी तथा एसजीएन किंडर गार्डन का निरीक्षण किया गया। गौरतलब हो कि इस क्रम में विद्यालय में बीपीएल तथा अभी वंचित वर्ग के कोटे के तहत निशुल्क शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों का तथा विद्यालय के संसाधनों का भौतिक सत्यापन किया गया।
प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी शिव कुमार सिंह तथा प्रभारी कल्याण पदाधिकारी प्रशांत मिश्र ने विद्यालय पहुंच नामांकन पंजी, छात्र उपस्थिति पंजी, शुल्क पंजी तथा बीपीएल पंजी सहित आवश्यक कागजात की गहनता से छानबीन की।
साथ ही बीपीएल तथा अभी वंचित वर्ग के कोटे के तहत नि:शुल्क शिक्षा कर प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों तथा उनके अभिभावकों से पूछताछ भी की।
इस क्रम में दोनों अधिकारियों ने वर्ग कक्ष, ब्लैक बोर्ड, बेंच डेस्क, खेल का मैदान इत्यादि का भौतिक सत्यापन किया। पूछे जाने पर बीईईओ तथा कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि जांच के क्रम में सब कुछ सही पाया गया।