गढ़वा : गढ़वा जिला संयुक्त छात्र संघ के प्रतिनिधियों ने सूबे के पेयजल स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर से रांची स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात कर गढ़वा स्थित एक मात्र सरकारी महाविद्यालय सद्गुरु जगजीत सिंह नामधारी महाविद्यालय के प्राचार्य, लेखापाल सहित प्रधान सहायक द्वारा करीब 40 लाख रूपए महाविद्यालय के सरकारी पैसे के गबन के मामले को जांच कराने के लिए आवेदन दिया है।
आवेदन के माध्यम से छात्र नेताओं ने मंत्री को अवगत कराया कि महाविद्यालय में बहुत ही भ्रष्टाचार हुआ है। महाविद्यालय का एक ऑडियो वायरल हुआ है जिसमें प्राचार्य, लेखापाल, प्रधान सहायक द्वारा कमीशन की बात सामने आई है, जिससे साफ पता चलता है ये लोग सरकारी पैसा का गलत उपयोग कर अपना खजाना भरने में लगे हैं।
इसकी जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।
छात्र नेताओं ने अवगत कराया कि सभी जांच पूरी होने तक प्राचार्य, सहित तीनों को तत्काल पद मुक्त किया जाए। क्योंकि छात्र संगठनों एवं छात्रों प्रतिनिधियों को शक है कि तीनों जांच को निष्पक्ष नही होने देंगे इसके साथ ही छात्र नेताओ ने मंत्री को 11 सूत्री मांग पत्र सौपा।
मांग पत्र लेने के बाद मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने छात्र प्रतिनिधियों को आश्वस्त कराया कि वे इन सभी विषयों पर राज्यपाल को पत्र लिख कर महाविद्यालय में हुए भ्रष्टाचार से अवगत कराएंगे तथा राज्य सरकार के स्तर पर भी जो उचित कदम उठाना होगा, उसे किया जाएगा।
मांग पत्र सौंपने वालों में दिलीप गुप्ता, नवीन तिवारी, अमित पांडे, मयंक दुबे, छोटू केसरी, अनिल केसरी सहित अन्य छात्र प्रतिनिधि शामिल थे।