भवनाथपुर (गढ़वा) : प्रखंड के भवनाथपुर पंचायत अंतर्गत बुका गांव में मनरेगा योजना से इजराइल अंसारी के खेत में कराये जा रहे डोभा निर्माण में मनरेगा कर्मियों की मिलीभगत से योजना के लाभुक द्वारा बगैर काम कराये ही दो सप्ताह का फर्जी मास्टर रोल बनाकर 18 हजार रुपये सरकारी राशि की बंदरबांट किये जाने का मामला प्रकाश में आया है।
बताते चलें कि उक्त योजना में 12 मजदूरों के फर्जी तरीके से बगैर काम कराये ही दो सप्ताह का काम दिखाकर सरकारी राशि की अग्रिम निकासी की गई। जबकि योजना में पैसा निकासी किये जाने के चार दिन बाद से योजना में काम लगाया गया।
कार्य कर रहे मजदूर दशरथ चेरो, दीपा देवी, अवध बिहारी भुईंया, पिंटू सिंह, गनेशी राम, नागदेव सिंह, हजारे अली आदि ने बताया कि उक्त योजना में दो दिनों से कम कर रहें हैं।
सभी ने बताया कि हमलोगों का घर अरसली दक्षिणी पंचायत में है। जबकि अधिकांश मजदूरों के पास जॉब कार्ड नहीं थे, न ही योजना स्थल पर बोर्ड ही लगा था। योजना में कार्य की देखरेख करने वाले इजराइल अंसारी के पिताजी मुस्लिम अंसारी ने बताया कि दो दिनों से काम लगाये हैं, लेकिन इसके पहले भी झाड़ी की साफ-सफाई कराये थे। पूछे जाने पर उन्होंने बताया योजना स्थल अभी तक रोजगार सेवक आये हैं, न तो कोई मनरेगाकर्मी।
इस बावत बीडीओ रबिन्द्र कुमार से पूछे जाने पर बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। योजना की जाँच, स्थल पर जा कर करेंगे। मामला सही पाया गया तो कानूनी कार्रवाई की जायेगी।