गढ़वा : झामुमो के केंद्रीय समिति सदस्य विनोद तिवारी ने कहा कि गढ़वा विधायक सह प्रदेश के पेयजल एवं स्वच्छ्ता मंत्री व झारखंड सरकार गढ़वा सहित पूरे राज्य में बेहतर कार्य कर रही है। गढ़वा की सबसे बड़ी समस्या बिजली व बाईपास सड़क का समाधान किया गया है। वे रविवार को रंका रोड स्थित तिवारी रेस्ट हाउस में पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि जिलेवासियों को कम से कम बीस घंटे बिजली मिल रही है। वहीं गढ़वा बाईपास सड़क का निर्माण कार्य भी जल्द ही शुरू किया जाएगा। जिससे लोगों को जाम की समस्या से भी निजात मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि गढ़वा विधायक सह पेयजल एवं स्वच्छ्ता मंत्री गढ़वा के लोगों के बीच आवश्यकतानुसार मौजूद रह रहे हैं।
लोगों के सुख-दुख में शामिल हो रहे हैं। गढ़वा विधानसभा सहित पूरे ज़िले में मंत्री की कठिन परिश्रम का फल लोगों को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि भवनाथपुर विधायक भानु प्रताप शाही को कुछ भी बोलने से पहले विचार अवश्य करनी चाहिए। उनकी करतूत किसी से छुपी हुई नहीं है। किस-किस मंत्री पर प्राथमिकी हुई है। यह गिनाने से पहले उन्हें सोचना चाहिए। गलत करने वाले किसी भी पार्टी के नेताओं पर कानूनी कार्रवाई करने का काम न्यायालय का है। साथ ही उन्होंने कहा कि दिल्ली में किसान ठंड में लगातार आंदोलन कर रहे है। केंद्र सरकार को किसानों के प्रति सहानुभूतिपूर्वक विचार करनी चाहिए। झामुमो किसान आंदोलन का समर्थन करती है। उन्होंने कहा कि एक-दो दिनों के अंदर ज़िले में धान क्रय केंद्र खुल जायेगा। इसके लिए ज़िला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर लिया है।