गढ़वा : सदर थाना क्षेत्र के बानुटीकर में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने की कोशिश का मामला नया मोड़ ले लिया है। युवती को जंगल में ले जाना वाला एक ही युवक था। वह जंगल में ले जाने से पहले युवती को शहर के कई गली- मोहल्ले में घुमाते हुए बहला-फुसलाकर ले गया था। उक्त मामले में पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के छतरपुर गांव निवासी सोनू उर्फ औरंगजेब अंसारी को गिरफ्तार किया है।
एसडीपीओ बाहमन टुटी ने घटना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दो दिसंबर को युवती घर से सदर अस्पताल जा रही थी। उसी दौरान नामधारी कॉलेज के पास वह टेम्पू का इंतजार कर रही थी। तभी अपाची से सोनू वहां पहुंचा और युवती को अस्पताल छोड़ने की बात कह गाड़ी पर बैठा लिया।
उसके बाद लड़की को बहला-फुसलाकर बानुटीकर जंगल में ले गया। वहां युवती को जंगल के अंदर ले जाने का प्रयास किया। उसी दौरान युवती ने शोर मचाई। उसके बाद स्थानीय लोग वहां पहुंचे और युवक वहां से फरार हो गया। युवती सड़क किनारे गिर गई। उसके बाद स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस से उसे सदर अस्पताल भेजा। युवती के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए पुलिस त्वरित कार्रवाई शुरू की और युवक की धर पकड़ शुरू की गई। युवक अपना पहचान छुपाने के लिए अपना माथे का बाल और मुछ छिलवाकर पहचान छुपाने की कोशिश कर रहा था, पर पुलिस ने उसके साजिश को नाकाम करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।