गढ़वा : भाजपा जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रसाद महतो के नेतृत्व में चिनियां रोड से समाहरणालय तक जुलूस निकालकर झारखंड से पाकिस्तानी नागरिकों को बाहर निकालने की मांग की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त को एक मांग पत्र सौंपा गया।
कार्यक्रम में 'पाकिस्तानी वापस जाओ' और 'हेमंत सरकार हाय-हाय' जैसे नारों से माहौल गूंज उठा।
सभा को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रसाद महतो ने कहा कि हेमंत सरकार ने अब तक झारखंड में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को बाहर निकालने को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने कहा कि देश के गृहमंत्री अमित शाह ने सभी राज्यों को निर्देश दिया है कि पाकिस्तान से आए नागरिकों को चिन्हित कर उन पर कार्रवाई की जाए, लेकिन झारखंड सरकार इस पर चुप्पी साधे हुए है।
महतो ने कहा कि जिस तरह पाकिस्तानी आतंकी संगठन ने पहलगाम में नागरिकों की निर्मम हत्या की है, उससे पाकिस्तान का असली चेहरा सामने आ गया है। अगर झारखंड सरकार इस दिशा में त्वरित कार्रवाई नहीं करती है तो भाजपा कार्यकर्ता देशहित में सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेंगे।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से भाजपा नेता शारदा महेश, प्रताप देव, विनय चौबे, विधायक प्रतिनिधि विवेकानंद तिवारी, उमेश कश्यप, रामशीष तिवारी, धनंजय गौड़, लक्ष्मीकांत पाण्डेय, ब्रजेश उपाध्याय, अरविंद तुफानी, विकास तिवारी, लक्ष्मण राम, जितेंद्र चंद्रवंशी, अंकित तिवारी, अलख निरंजन, टिंकू गुप्ता, रितेश दुबे, मनोज ठाकुर सहित अन्य कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।