गढ़वा : भाजपा संगठन पर्व को लेकर शनिवार को उत्सव गार्डन में जिला स्तरीय प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रसाद महतो ने की। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं वंदे मातरम गीत के साथ की गई।
बूथ चुनाव अंतिम चरण में, जल्द होगा मंडल और जिला अध्यक्ष का चयन
बैठक में मुख्य अतिथि जिला चुनाव अधिकारी डॉ. अमरदीप यादव ने कहा कि भाजपा संगठन का बूथ स्तर पर चुनाव अंतिम चरण में है और जल्द ही बूथ सूची जमा करनी होगी। उन्होंने बताया कि:
6 से 9 मार्च तक सभी मंडल स्तर पर बैठक होगी, जिसमें मंडल चुनाव अधिकारी तीन नाम तय कर प्रदेश को भेजेंगे।
17 से 19 मार्च के बीच मंडल अध्यक्ष का चयन चुनाव के माध्यम से किया जाएगा।
20 से 22 मार्च के बीच जिलाध्यक्ष के लिए नामांकन प्रक्रिया संपन्न होगी।
पूर्व जिलाध्यक्ष सह चुनाव अधिकारी ने बताया कि भाजपा मंडल अध्यक्ष बनने के लिए 35 से 40 वर्ष, जबकि जिलाध्यक्ष के लिए 45 से 60 वर्ष की उम्र सीमा निर्धारित की गई है। मंडल स्तर पर एक प्रतिनिधि भी चुना जाएगा, जो मंडल और जिलाध्यक्ष चुनाव में मतदान करेगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष बोले- जल्द पूरा होगा संगठन निर्माण
भाजपा जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रसाद महतो ने कहा कि संगठन निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और इसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री संतोष दुबे, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष मधुलता कुमारी ने किया।