गढ़वा : जायन्ट्स वेलफेयर फाउंडेशन के 52वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा सप्ताह के समापन समारोह का आयोजन सोमवार को मेलोडी मंडप सभागार में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जायन्ट्स गढ़वा के अध्यक्ष कमलेश गुप्ता ने की। इस संयुक्त समापन समारोह में जायन्ट्स गढ़वा, गढ़वा सहेली एवं यंग जायन्ट्स के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।
समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथियों रेडक्रॉस चेयरमैन डॉ एम पी गुप्ता, सचिव डॉ ज्वाला प्रसाद सिंह, फेडरेशन 8 के पूर्व अध्यक्ष विनोद कमलापुरी, उपाध्यक्ष मनोज केशरी, रूपा गंजी और अन्य विशिष्ट जनों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
समारोह में सभी जायन्ट्स ग्रुप के प्रशासनिक निदेशकों ने अपने-अपने ग्रुप द्वारा किए गए सेवा कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया।
जायन्ट्स पदाधिकारियों ने कहा कि गढ़वा में जायन्ट्स के चार ग्रुप सक्रिय रूप से विभिन्न सामाजिक और जागरूकता अभियानों जैसे रक्तदान, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण, सड़क सुरक्षा आदि में योगदान दे रहे हैं।
समारोह में रेडक्रॉस चेयरमैन डॉ एम पी गुप्ता ने भी जायन्ट्स परिवार द्वारा किए गए सेवा कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर उमेश केशरी, संदीप केशरी और संजय गुप्ता को जायन्ट्स ग्रुप ऑफ गढ़वा का नया सदस्य बनाया गया।
कार्यक्रम के अंत में जायन्ट्स आस्था के पूर्व अध्यक्ष डॉ अशोक सोनी के पिता के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। इस कार्यक्रम में दीपक तिवारी, बिनोद गुप्ता, ध्रुव केशरी, रश्मि कमलापुरी, सिमा केशरी, मनीष केशरी और अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।