भवनाथपुर : सेल प्रबंधन के सहकारिता साख समिति द्वारा संचालित भारत गैस एजेंसी को गैस सिलेंडर देना बंद कर दिया है, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानियां बढ़ गई। गैस सिलेंडर पिछले एक महीने से नहीं मिलने से उपभोक्ताओं को ब्लैक में सिलेंडर लेना पड़ रहा है। संचालक सहकारिता साख समिति व भारत गैस एजेंसी के बीच समन्वय नहीं होने के कारण उसका खामियाजा उपभोक्ताओं को झेलना पड़ रहा है।
भवनाथपुर में सेल प्रबंधन के मात्र अधिकारी, कर्मचारी मिलाकर 22 बचे हुए हैं। कर्मचारी के सहयोग से सहकारिता साख समिति संचालित होता था। ऐसी परिस्थितियों में साख समिति का संचालन कठिन हो गया है। टाउनशिप स्थित भारत गैस एजेंसी के बंद होने से उपभोक्ताओं के समक्ष सिलेंडर का ट्रांसफर कराना बड़ी समस्या खड़ा हो गया है।
Advertisement
अब उपभोक्ताओं को सिलेंडर लेने के लिए भवनाथपुर जाना होगा।
सूत्रों की माने तो संचालक सहकारिता साख समिति पर भारत गैस एजेंसी ने करीब 400 सिलेंडर गबन का आरोप लगाते हुए गैस सिलेंडर देना बंद कर दिया है। टाउनशिप स्थित भारत गैस एजेंसी से करीब 400 सिलेंडर कहा गायब हो गया इसका लेखा जोखा समिति के पास नहीं है। सिलेंडर गायब होने के सवाल पर संचालक रमेश चंद्र मिश्रा का जबाब हास्यास्पद है। कहा कि जून माह में लगभग सभी उपभोक्ताओं का ट्रांसफर नजदीकी एजेंसी में करा दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि भवनाथपुर सेल प्रबंधन ने वर्ष 2000 में कर्मचारियों की सुविधा के लिए सहकारिता साख समिति के द्वारा भारत गैस एजेंसी का संचालन शुरू किया था। जिसमें भवनाथपुर, चपरी, सरैया, सीघीताली, मकरी, बुका सहित अन्य नजदीकी गांवों के उपभोक्ताओं को सिलेंडर का कनेक्शन दिए गए थे।