गढ़वा :
झारखंड के नए मुख्यमंत्री चंपई सोरेन का गढ़वा में शनिवार को पहली बार आगमन होगा। मुख्यमंत्री श्री सोरेन गढ़वा से ही अबुआ आवास योजना की शुरुआत करेंगे। मुख्यमंत्री यहां पलामू प्रमंडल के 19903 अबुआ आवास योजना के लाभुकों का प्रथम किस्त की राशि जारी करेंगे।
जानकारी देते हुए गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री चंपई सोरेन का मां गढ़देवी की धरती पर गढ़वा में पहली बार आगमन पर भव्य स्वागत किया जाएगा। झामुमो के सभी कार्यकर्ता कार्यक्रम को बेहतर एवं भव्य बनाने में लगे हुए हैं। यहां सभी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत करेंगे। विधायक श्री ठाकुर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री झारखंड के सर्वमान्य नेता हेमंत सोरेन का सपना था कि सभी गरीबों के सर पर अपना छत हो।
इस सपने को साकार करने मुख्यमंत्री चंपई सोरेन गढ़वा आ रहे हैं। आगामी तीन वर्षों में सभी गरीबों के सर पर छत का सपना पूरा हो जाएगा। गढ़वा आगमन के दौरान मुख्यमंत्री अबुआ आवास योजना के लाभुकों को स्वीकृति पत्र देंगे। साथ ही प्रथम किस्त की राशि भी जारी करेंगे। यहां आयोजित पलामू प्रमंडल स्तरीय इस कार्यक्रम में पलामू जिला के 13600, गढ़वा जिला के 10003 तथा लातेहार जिला के 5300 लाभुकों को अबुआ आवास का स्वीकृति पत्र प्रदान किया जाएगा। श्री ठाकुर ने कहा कि सभी जरूरतमंदों को निश्चित रूप से अबुआ आवास योजना का लाभ मिलेगा। कोई भी योग्य लाभुक वंचित नहीं रहेगा। इस कार्य का निष्पादन बिल्कुल पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से किया जा रहा है।
इसके लिए किसी भी जरूरतमंद लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। अबुआ आवास की क्रमवार प्राथमिकता सूची बना ली गई है। अगले वित्तीय सत्र में मार्च के बाद पुनः अन्य लाभुकों को योजना से लाभान्वित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का सपना साकार करने के लिए झारखंड सरकार पूरी तरह से संकल्पित है। उन्होंने कहा कि केंद्र की भेदभाव पूर्ण नीति के कारण झारखंड सरकार ने अपने राज्य में सभी जरूरतमंद गरीबों को राज्य सरकार की ओर से आवास देने का संकल्प लिया है। इसे आगामी तीन वर्षों के अंदर पूर्ण कर लिया जाएगा। मुख्यमंत्री के गढ़वा आगमन की सारी तैयारी पूरी कर ली गई है।