बंशीधर नगर :
अनुमंडल पदाधिकारी आलोक कुमार ने बुधवार की रात अनुमंडलीय अस्पताल व रेलवे स्टेशन पर घूम-घूमकर ठंड से बचाव के लिए जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया।
एसडीओ आलोक कुमार ने रात्रि में अनुमंडलीय अस्पताल व रेलवे स्टेशन पर कड़ाके की ठंड में ठंड से ठिठुर रहे महिला-पुरुषों को कंबल प्रदान किया। हल्की चादर व कंबल ओढ़कर रेलवे स्टेशन पर सो रहे लोगों को जगा कर एसडीओ आलोक कुमार ने उन्हें कंबल ओढ़ाया। एसडीओ आलोक कुमार ने कहा कि कड़ाके की ठंड से गरीब, असहाय, वृद्ध, विधवा, दिव्यांग व अन्य जरूरतमंदों ठिठुरने नहीं दिया जाएगा। उनके लिए अनुमंडल के महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। ताकि ठंड में जरूरतमंदों को आग से राहत मिल सके।
वहीं अनुमंडल के सभी गांव-टोले व नगर पंचायत क्षेत्र के सभी वार्डों में जरूरतमंदों के बीच ठंड से बचाव के लिए कंबल का वितरण किया जा रहा है। मैं स्वयं भी रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, टेंपो व टैक्सी स्टैंड, अस्पताल व बाजार क्षेत्र में रात्रि में घूम-घूमकर जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण कर रहा हूं। ताकि ठंड से उन लोगों को राहत मिल सके। सभी अंचल अधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, नगर पंचायत के नगर प्रबंधक को सार्वजनिक स्थलों यथा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, टैंपू व टैक्सी स्टैंड, हाट, बाजार व चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाया जा रहा है।