भंडरिया :
भंडरिया थाना क्षेत्र के मदगडी (च)गांव निवासी आदिम जनजाति पलाश कोरवा की 4 वर्षीय पोती के शव को सरकारी एंबुलेंस ने बुधवार की रात्रि में जबरन भंडरिया इंदिरा चौक के पास छोड़ दिया । जिसके कारण आदिम जनजाति के परिवार के लोग रात्रि में परेशान हो गए ।
सरकारी एंबुलेंस की मनमानी देखकर इंदिरा चौक के पास के दुकानदार जमा हो गए ,और सरकारी एंबुलेंस के प्रति आक्रोश प्रकट किया ।
ग्रामीणोंं के आक्रोश देखते हुए रात्रि में ही वीडियो विपिन कुमार भारती इंदिरा चौक पहुंचे । मृतक के परिजनों हालचाल लिया ।और मृतक के परिजनों को 1000 रुपए नगद सहायता प्रदान की । बीडियो ने पुनः सरकारी एंबुलेंस व्यवस्था कर शव को उसके गांव पहुँचवाया ।
मृतक के परिजनों ने बताया कि मदगडी निवासी पलास कोरवा की पुत्र बहू शहरी देवी अपनी 4 वर्षीया पुत्री मुन्नी कुमारी की तबीयत खराब होने के बाद भंडरिया रेफरल अस्पताल में इलाज कराने पहुंची थी ।अस्पताल में बच्ची की प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गढ़वा रेफर कर दिया था । गढ़वा सदर अस्पताल में बच्ची का बेहतर इलाज नहीं हो पाने के कारण उसकी मौत हो गई । लोगों ने कहा कि विलुप्त हो रहे आदिम जनजाति की सुरक्षा के लिए सरकार अनेक प्रकार की कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। परंतु सरकारी अस्पतालों में आदिम जनजाति परिवार के लोगों के साथ भेदभाव बर्ती जारही है। नतीजतन आदिम जनजाति लोगों के समक्ष संकट खड़ा हो गया है ।