रमना :
एकीकृत पारा शिक्षक संघर्ष मोर्चा के प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रखंड के पारा शिक्षकों की बैठक मध्य विद्यालय सिलीदाग - एक के प्रांगण में रविवार को किया गया।
इस बैठक में 14 दिसंबर को संघ के प्रदेश नेतृत्व के साथ शिक्षा मंत्री की सकारात्मक समझौता के लिए पारा शिक्षकों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बधाई दी। प्रखंड सचिव डाॅ. राहुल टंडवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में पारा शिक्षकों द्वारा 29 दिसंबर को रांची चलने का निर्णय लिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए डाॅ. टंडवाल ने कहा कि 14 दिसंबर को संघ के साथ हुई शिक्षा मंत्री की सकारात्मक समझौता व 20 दिसंबर को उक्त समझौता को कैबिनेट में पास कराने के आश्वासन से पारा शिक्षकों में हर्ष है।
हालांकि अभी वेतनमान का मामला सुलझा नहीं है। लेकिन पारा शिक्षकों को विश्वास है कि हेमंत सोरेन व शिक्षा मंत्री द्वारा पारा शिक्षकों को नये साल में वेतनमान का तोहफ़ा निश्चित रूप से दिया जाएगा। वहीं कोषाध्यक्ष उपेंद्र प्रसाद ने कहा कि 29 दिसंबर को रमना से पारा शिक्षकों का महाजुटान रांची में अवश्य होगा। सरकार द्वारा 14 दिसंबर के समझौते पर 20 दिसंबर को कैबिनेट में मुहर लगी, तो पारा शिक्षक 29 को सरकार का फूल माला से अभिनंदन करेगा और अगर धोखा हुआ, तो 29 दिसंबर को ही आंदोलन का आगाज करते हुए विरोध शुरू होगा। वहीं राहुल कुमार गौतम ने कहा कि वेतनमान मिलने तक पारा शिक्षकों का संघर्ष जारी रहेगा। मौके पर रामसुंदर सिंह, नीरज पाठक, मुकेश कुमार, दिवाकर सिंह, शिवकुमार राम, विजय कुमार, शशिकांत पाठक, इरशाद आलम,अनय राम, अशोक खलको, अरफाद अली, प्रमोद सिंह, नागेंद्र बैठा, उपेंद्र पासवान, मंजूर आलम एवं संजीत कुमार सहित कई पारा शिक्षक उपस्थित थे।