रमकंडा : प्रशासन लाख प्रयास कर ले, लेकिन प्रशासनिक निर्देशों की अवहेलना कर लोग बिना मोल वैश्विक महामारी कोरोना को निमंत्रण दे रहे हैं। ऐसी स्थिति रमकंडा प्रखंड मुख्यालय में मंगलवार को लगने वाले साप्ताहिक हाट बाजार में देखने को मिला। जहां पुलिस द्वारा सोमवार को ही प्रचार कर आमजनों को बाजार नहीं खुलने की सूचना जारी किया था। लेकिन निर्देशों को धत्ता बताते हुये लोग बेख़ौफ़ और लापरवाह दिखे। ऐसे में कोरोना के संक्रमण को फैलने से रोका नहीं जा सकता।
हालांकि मंगलवार को पुलिस ने बाजार लगने नहीं दिया। लेकिन बाजार में नियमित खुलने वाली दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाई गई। मानो ऐसा लगा जैसे रमकंडा में सिर्फ बाजार नहीं लगा।
भीड़ तो बाजार जैसी ही थी। निर्देश के बावजूद लोग बिना मास्क के घूमते नजर आए।
इसी तरह प्रशासनिक लापरवाही रहा तो अभी तक कोरोना के प्रकोप से अछूता रहा रमकंडा प्रखंड भी इसकी चपेट में आ जायेगा। इसके साथ ही खुलेआम टेम्पू में ठूस ठूस कर सवारी को ढोया जा रहा है।
वहीं प्रखंड मुख्यालय में नियमित खुलने वाली दुकानों पर भी सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर दुकानदार भी लापरवाह है। प्रशासन द्वारा इस ओर सख्ती के साथ पेश नहीं आने से लोग निर्देशो की अवहेलना कर रहे हैं।