गढ़वा : जिले के मझिआंव निवासी केंदू पत्ता के संवेदक मारुति नंदन सोनी ने सदर थाना में आवेदन देकर झामुमो के जिला प्रवक्ता धीरज दुबे द्वारा 25 लाख रुपये रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। साथ ही लातेहार जिले के कुटकु जंगल में लिए गए केंदू पत्ता की ठेकेदारी का काम छोड़कर उसे मेदिनीनगर के राकेश गुप्ता को जिम्मा देने की धमकी देने का आरोप लगाया है। थाना में दिए आवेदन में मारुति नंदन सोनी ने लिखा है कि वह मंगलवार को जिला मुख्यालय के मंगल भवन के निकट एक दुकान में बैठ कर कुछ जरूरी कागजात को दुरुस्त कर रहा था। इसी दौरान वहां झामुमो के जिला प्रवक्ता धीरज दुबे आए और कहा कि कुटकु जंगल में लिए गए केंदू पत्ता संग्रहण का कार्य छोड़ते हुए उसे राकेश गुप्ता के नाम कर दो।
इस दौरान धीरज द्वारा 25 लाख रुपये रंगदारी की भी मांग की गई। साथ ही केंदू पत्ता का काम नहीं छोड़ने एवं 25 लाख रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
वहीं धीरज दुबे ने थाना में आवेदन देकर शिकायत की है कि मंगलवार को वह मंगल भवन के पास खड़ा था। इसी दौरान वहां मारुति नंदन सोनी आए और बातचीत के दौरान जान मारने के नीयत से मुझ पर राइफल तान दी। इसकी तत्काल सूचना उसने पुलिस को देते हुए सुरक्षा के ख्याल से थाने चला आया।
इस मामले में इंस्पेक्टर सह गढ़वा थाना प्रभारी लक्ष्मीकांत ने बताया कि दोनों पक्ष से आवेदन दिया गया है। पुलिस इसकी विवेचना कर रही है। दोनों पक्ष आपस में सुलह-समझौता की बात कर रहे हैं। इस कारण इस मामले में अभी कुछ कहना कठिन है।