मेराल :
मेराल थाना क्षेत्र के लातदाग गांव में एनएच 75 पर अल्टो कार की चपेट में आने से लात दाग निवासी वीरेंद्र चंद्रवंशी का 11 वर्षीय पुत्र पुरुषोत्तम चंद्रवंशी की दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार के अपराह्न करीब 4:30 बजे बंशीधर नगर से गढ़वा की ओर जा रहा ऑल्टो कार ने पुरुषोत्तम को अपनी चपेट में ले लिया जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। परिवार तथा आसपास के लोगों ने जख्मी हालत में पुरुसोत्तम को मेराल हॉस्पिटल पहुंचाया जहां डॉक्टरों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। उधर घटना स्थल पर उपस्थित लोगों द्वारा दुर्घटना की जानकारी तत्काल मेराल थाने को दी गई। साथ ही लोगों ने दुर्घटना के बाद गढ़वा की ओर भाग रहा ऑल्टो कार के बारे में भी मेराल पुलिस को बताया।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कार को अपने कब्जे में ले लिया है। हृदय विदारक घटना के बाद परिवार वालों के साथ-साथ पूरे गांव में मातम का माहौल है।