गढ़वा :
गढ़वा। जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार पाण्डे के निर्देश पर कोरोना अवधि में मृत हुए दो सरकारी कर्मियों क्रमशः स्व0 बहादुर राम(आदेशपाल, राजकीयकृत रामासाहू उच्च विद्यालय गढ़वा)एवं प्राथमिक शिक्षक स्व0 मो0 मोजाहिद खान(उत्क्रमित मध्य विद्यालय डुमरो गढ़वा)के आवास पर जाकर आश्रित धर्मपत्नी को अर्जित अवकाश एवं जीवन बीमा की राशि भुगतान हेतु "ऑथोरिटी पत्र" कार्यालय के प्रधान सहायक ओमप्रकाश सिंह,डीएसई कार्यालय के सहायक अरुण कुमार वर्मा एवं झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ जिला इकाई गढ़वा के जिलाध्यक्ष सुशील कुमार के द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान किया गया।
प्रधान सहायक ओमप्रकाश सिंह ने इस बाबत बताया कि जिला शिक्षा पदाधिकारी ने विगत दीपावली पर्व के पूर्व सन्ध्या पर स्व0बहादुर राम के आवास पर जाकर परिजनों को आश्वासन दिया था कि छठ पर्व के पूर्व सभी प्रकार के पावना का भुगतान कर दिया जायेगा और आज इसी कड़ी में दो प्रकार के पावना(अर्जित अवकाश एवं जीवन बीमा की राशि) का भुगतान किया जा रहा है।
साथ ही साथ डीएसई गढ़वा क़े सहायक अरुण कुमार वर्मा ने कहा कि दिवंगत शिक्षक स्व0 मोजाहिद खान की मृत्यु कोरोना अवधि में हो गई थी।ततपश्चात विभागीय नियमानुसार सभी प्रकार के पावना का भुगतान विगत दिनों स्वयं जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार पांडेय एवं झामुमो जिलाध्यक्ष तनवीर अहमद के द्वारा इनके आवास पहुंच कर उनकी धर्मपत्नी को प्रदान किया गया था।
आज भी शेष रह गए अर्जित अवकाश की राशि भुगतान हेतु ऑथोरिटी पत्र प्रदान किया जा रहा है।
झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ जिला इकाई गढ़वा के जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने इस बाबत कहा कि जिला शिक्षा पदाधिकारी गढ़वा संजय कुमार पांडेय के द्वारा की जा रही ऐसी अनूठी पहल की प्रशंसा एवं सराहना मैं जिले के पूरे माध्यमिक शिक्षकों की तरफ से करता हूँ।
भविष्य में ऐसी अपेक्षा है कि जिले में कई और ऐसे शिक्षक/कर्मचारी शेष रह गए हैं, उनको भी समस्त प्रकार के पवनाओं एवं विभागीय कार्यो जैसे-पुरानी पेंशन प्रदान करना और दिवंगत शिक्षकों/कर्मचारियों के आश्रितों को अनुकम्पा आधारित नौकरी प्रदान करना आदि को त्वरित गति से निष्पादित कर देंगे।ताकि वे सभी सेवानिवृत्त शिक्षक/कर्मचारी स्वच्छंद रूप से अपनी जिंदगी के शेष अवधि को व्यतीत कर सकें।साथ ही साथ जिला शिक्षा पदाधिकारी गढ़वा से यह भी सादर निवेदन है कि जिले के माध्यमिक शिक्षकों की ज्वलंत समस्याओं जैसे- नवनियुक्त माध्यमिक शिक्षकों की सेवासम्पुष्टि करना,सेवा पुस्तिका ओपन करना,समस्त प्रकार के बकाये वेतनादि का भुगतान करना, शिक्षक छात्र अनुपात में माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों को युक्तिकरण विधि के माध्यम से पदस्थापित करना,महिला एवं निःशक्त शिक्षकों को इच्छानुसार माध्यमिक विद्यालयों में स्थानांतरित करना और अन्य सभी शिक्षकों को गृह प्रखण्ड में स्थानांतरित एवं पदस्थापित करना तथा समस्त लंबित आवश्यक कार्यो को ससमय समाधान करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका एक अभिभावक के रूप में निभाएंगे।