गढ़वा :
गढ़वा। गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने मंगलवार को दानरो नदी तट पर पूजा अर्चना कर एवं नारियल फोड़कर छठ घाट का शिलान्यास किया। कल्याणपुर दानरो घाट पर 170 फीट लंबा छठ घाट एवं पुलिस लाइन दानरो नदी के छठ घाट पर 150 फीट लंबा छठ घाट निर्माण का भूमि-पूजन एवं शिलान्यास किया गया।
मौके पर मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि सूर्योपासना एवं महान आस्था का प्रतीक छठ महापर्व अन्य स्थानों से गढ़वा में काफी आकर्षक एवं बेहतरीन तरीके से धूमधाम से मनाया जाता है। मंत्री ने कहा कि यहां छठ घाट की काफी आवश्यकता है। मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि आगामी चार-पांच वर्षों में गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में सभी छठ घाटों पर पक्का छठ घाट की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शहर के टंडवा में युवा जागृति क्लब तथा जय देवी संघ की मांग पर अपनी निजी कोष से छठ घाट निगरानी मंच का निर्माण कराया है। वे गढ़वा विस क्षेत्र के सभी छठ घाटों पर पक्का छठ घाट निर्माण कराने के लिए संकल्पित हैं। छठ मईया के आशीर्वाद से यदि अगले वर्ष कोरोना से मुक्ति मिलती है तो हमारा परिवार भी छठ घाट पर जाकर छठ व्रत करेगा। मंत्री ने सभी लोगों से मास्क का उपयोग करने एवं कोरोना गाइडलाइन का पालन करने की अपील किया। मौके पर डीसी राजेश कुमार पाठक, एसडीओ राज राजेश्वरम, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संजय पांडेय, बीडीओ कुमुद कुमार झा, सीओ मयंक भूषण, पूर्व नप अध्यक्ष अनिता दत्त, झामुमो जिलाध्यक्ष तनवीर आलम, प्रवक्ता धीरज दूबे, विधायक प्रतिनिधि जितेन्द्र सिन्हा, कल्याणपुर मुखिया विनोद चंद्रवंशी, ताहिर अंसारी, अशोक चंद्रवंशी, न्यू स्टूडेंट क्लब के अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, पंडा मिश्रा, उमेश चंद्रवंशी, धनंजय पासवान, सूरज चंद्रवंशी, धीरेंद्र चौबे, वीरेंद्र तिवारी, विधायक प्रतिनिधि आशुतोष पांडेय, झामुमो कोषाध्यक्ष पप्पू गुप्ता आदि मौजूद थे।