बंशीधर नगर :
बंशीधर नगर अनुमंडल पदाधिकारी आलोक कुमार ने सोमवार को लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा के मद्देनजर अनुमंडल मुख्यालय स्थित सूर्य मंदिर छठ घाट सहित विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।
येइस क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी ने सूर्य मंदिर छठ घाट की साफ-सफाई, साज-सज्जा व विधि व्यवस्था का जायजा लिया तथा छठ घाट की विधि व्यवस्था देख-रेख कर रहे स्वयंसेवी संगठनों को छठ पूजा के दौरान घाट पर शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा कोविड-19 को लेकर सरकार के द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का निर्देश दिया। एसडीओ ने कहा कि कोविड-19 के गाइडलाइन के अनुरूप ही व्रती छठ पूजा करें। एसडीओ ने वहां उपस्थित लोगों से सूर्य मंदिर छठ घाट पर व्रत करने आने वाले छठ व्रतियों की संख्या के संबंध में जानकारी लिया।
लोगों ने बताया कि सूर्य मंदिर छठ घाट पर सिर्फ स्थानीय छठ व्रती ही नहीं बल्कि झारखंड के विभिन्न स्थानों से तथा सीमावर्ती उत्तर प्रदेश, बिहार व छत्तीसगढ़ राज्य से भी बड़ी तादात में छठ व्रती यहां व्रत करने आते हैं। स्थानीय व्रतियों के साथ-साथ बाहर से आने वाले छठ व्रतियों को किसी तरह की कोई परेशानी न हो इसका पूरा ख्याल स्वयंसेवी संगठन के द्वारा रखा जाता है। मौके पर नगर प्रबंधक रवि कुमार, भाजपा के गढ़वा जिला महामंत्री विकास स्वदेशी सहित कई लोग उपस्थित थे।