गढ़वा : सदर थाना क्षेत्र के चमरही गांव में रविवार को भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना में एक महिला समेत सात लोग घायल हो गए। घायलों में एक पक्ष के राम आशीष शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, नागेंद्र शर्मा, विकास शर्मा, शिव प्रसाद शर्मा, अरविद शर्मा एवं सरिता देवी शामिल हैं। सभी घायलों का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार 30 वर्ष पूर्व राजेश्वर शर्मा ने अपने गांव के ही गोपाल शर्मा से साढे़ पांच हजार रुपये लिए थे। उसके एवज में राजेश्वर शर्मा ने 16 कठ्ठा जमीन गोपाल शर्मा के पास बंधक रख दिया था। तब से गोपाल शर्मा उक्त जमीन का जोत कोड़ करता था। बताया गया कि जब राजेश्वर शर्मा ने गोपाल शर्मा को पैसा लौटाना चाहा तो उसने पैसा लेने से इन्कार किया।
गोपाल शर्मा का कहना था कि उसने जमीन खरीदने के लिए पैसा दिया था। इस बात को लेकर दोनों में विवाद चलने लगा। इसे लेकर कई बार पंचायती भी हुई थी। लेकिन गोपाल शर्मा किसी की बात मानने को तैयार नहीं हुआ। संग्रहे पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सीताराम चौधरी, बीडीसी एकबाल अंसारी समेत कई ग्रामीणों ने पंचायती में राजेश्वर शर्मा से 5500 रुपए लेकर गोपाल शर्मा को जमीन छोड़ने का फैसला सुनाया था। इसके बावजूद गोपाल शर्मा जमीन का जोत कोड़ कर रहा था। इसे रोकने के प्रयास में दोनों पक्ष आपस में मारपीट की घटना घटित हो गई। दूसरे पक्ष के गोपाल शर्मा, मदन शर्मा, हरि शर्मा एवं उनके परिजनों ने राम आशीष शर्मा व उनके परिजनों को पीटकर गंभीर रुप से घायल कर दिया।
इस मामले को लेकर सदर थाना में प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।