मझिआंव : नगर पंचायत कार्यालय कक्ष में शनिवार को कार्यपालक पदाधिकारी कमल कुमार सिंह की अध्यक्षता में अंचल के पदाधिकारियों के साथ बैठक की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मुख्य बाजार परीक्षेत्र पथ के दोनों किनारे पिछले कई वर्षों से लग रही जाम से निजात दिलाने के लिए अतिक्रमणकारियों पर प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए किए गए अतिक्रमण के जमीन की मापी करने का निर्णय लिया गया। साथ ही पुराना समुदायिक उप स्वास्थ्य केंद्र की जमीन नगर पचांयत के अधीनस्थ करते हुए बस स्टैंड निर्माण कराने की बात कही गई। इसके पश्चात पदाधिकारियों ने कहा कि बाजार समिति में दुकान बनवा कर फुटपाथ दुकानदारों के बीच दुकान आवंटित किया जाएगा इसके लिए प्रयास जारी है।
कार्यपालक पदाधिकारी कमल कुमार सिंह ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र को सुंदर बनाने के लिए हमें जिम्मेवारी सौंपी गई है। मेरा प्रयास रहेगा कि हर हाल में बुनियादी समस्याओं का हल निकाला जाएगा। उन्होंने नगर पंचायत वासियों से अपील कर कहा है कि सोशल डिस्टेंस का अनुपालन करते हुए कार्यों का निष्पादन करें। साथ ही अपने सेहत का ख्याल रखें। मौके पर अंचलाधिकारी राकेश सहाय. अंचल निरीक्षक राजेंद्र कुमार झा. कर्मचारी राजीव पांडे. आमीन राजाराम मेहता. नगर पचायंत सिटी मिशन मैनेजर आदि मौजूद थे।