मेराल : मेराल थाना अंतर्गत लातदाग गांव निवासी भैरव शाह का पुत्र अनुज शाह शुक्रवार को अपना ससुराल भवनाथपुर थाना अंतर्गत चपरी गांव गया था, जहां संदेहास्पद स्थिति में उसकी मौत हो गई। शनिवार के सुबह अनुज का शव 108 एंबुलेंस से लातदाग पहुंचा जिसके बाद परिवार तथा गांव के लोगों ने शव को लेने से इनकार करते हुए एंबुलेंस को रोके रखा तथा इसकी जानकारी मेराल थाने को दी।
मृतक के पिता भैरव साह का कहना है कि अनुज की पत्नी, बच्चा के साथ मैके में थी, जिससे मिलने के लिए अनुज शुक्रवार को ससुराल चपरी गया था, जहाँ से आज उसका लाश आया। भैरव का कहना है कि उसके ससुराल वालों ने षड्यंत्र के तहत उसे जहर देकर मार दिया है। गांव के लोगों ने बताया कि अनुज की पत्नी सोना देवी को लेकर उसका साला ओम प्रकाश शाह आज सुबह लातदाग आया तथा ससुर गुलाब चंद साह एम्बुलेंस से शव ले कर पहुंचा।
ग्रामीणों के अनुसार गुलाबचंद शाह ने बताया कि अनुज जहर खा लिया था, जिसके बाद उसे भवनाथपुर अस्पताल ले जाया गया। जहां से बेहतर इलाज के लये उसे सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया गया। अनुज की स्थिति बिगड़ते देख गढ़वा सदर अस्पताल से भी तुम्बागड़ा के लिए रेफर कर दिया गया, इस दौरान रास्ते में ही अनुज की मौत हो गई जिसके बाद उसके ससुराल वालों ने तुम्बागड़ा अस्पताल न जाकर सीधे लातदाग पहुंच गये।
इधर घटना की सूचना मिलने के बाद मेराल थाना के पीएसआई रंजन कुमार सिंह तथा रामभरोसा शर्मा लातदाग पहुंचे तथा लोगों को समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेजा। साथ ही पुलिस द्वारा मृतक के ससुर गुलाबचंद साह, साला ओमप्रकाश साह तथा पत्नी सोना देवी को पूछताछ के लिए थाना ले जाया गया है।