भंडरिया : भंडरिया थाना क्षेत्र के आड़ा महुआ चौक पर बुधवार की रात ट्रक चालक, सह चालक व एक अन्य व्यक्ति के साथ घटी लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए इसमें शामिल चार अपराधियों को धर दबोचा। पुलिस ने इन अपराधियों के पास से लूट की घटना में प्रयुक्त दो कट्टा, तीन कारतूस, एक फायर किया गया खोखा तथा एक तलवार बरामद किया है।
गिरफ्तार अपराधियों में आनंद सिंह उर्फ विदाई सिंह, पिता स्व. महादेव सिंह, करण सिंह उर्फ डब्बू सिंह पिता स्व. तपेश्वर सिंह, जयप्रताप कुमार उर्फ जतरु, पिता पूरन सिंह व मंटू सिंह उर्फ ब्रजमोहन सिंह पिता शिवनाथ सिंह सभी भंडरिया थाना क्षेत्र के सरईडीह गांव निवासी शामिल हैं।
रंका एसडीपीओ मनोज कुमार ने बताया कि लूटकांड की रात में ही लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा दो अलग-अलग टीम का गठन किया गया था।
उक्त टीमों द्वारा थाना क्षेत्र के संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया गया तथा लूटकांड में शामिल सभी चार अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि अपराधियों के पास से तथा उनकी निशानदेही पर ट्रक चालक से लूटे गए 2500 रुपये नगद, ट्रक का बैट्री, दो मोबाइल फोन, गैस सिलेंडर, दो तसली व अन्य समान बरामद किया गया है।
इस घटना का उद्भेदन करने के लिए जो दो टीम बनाई गई थी उनमें अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोज कुमार, पुनि सह थाना प्रभारी कृष्णा कुमार, परि पुअनि प्रवीण कुमार, राजबल्लभ कुमार, बादल मुंडा, दिनेश कुमार मंराडी, रामप्रसाद इन्दवार, सअनि अशोक कुमार, अभिमन्यु सिंह, विजय सिंह व भंडरिया थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।