बंशीधर नगर :
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी गढ़वा जिला परिषद की बैठक सोमवार की शाम प्रखण्ड के हुलहुला खुर्द ग्राम स्थित राज कुमार राम के आवास पर सम्पन्न हुई।बैठक को संबोधित करते हुए भाकपा के जिला सचिव रामेश्वर प्रसाद अकेला ने कहा कि बढ़ती महंगाई के कारण देश की जनता त्रस्त है।केंद्र की मोदी सरकार महंगाई रोकने में पूरी तरह विफल रही है।उन्होंने कहा कि डीजल,पेट्रोल, रसोईगैस, सरसों तेल,दाल सहित अन्य रोजमर्रा के चीजो के दाम आसमान छू रहे है।
उन्होंने कहा कि आम लोगो से टैक्स लेकर केंद्र सरकार बड़े पूंजीपतियों को रियायत दे रही है।उन्होंने कहा कि उक्त सवालों को लेकर केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जोरदार आंदोलन चलाने की जरूरत है।
बैठक में सर्वसम्मति से आगामी 25 जून से श्री बंशीधर नगर पंचायत के सभी वार्डो का दौरा कर स्थिति की जानकारी लेने,हाल सर्वे खतियान को रद्द कराने के लिए ,खेती व पर्यावरण को बचाने के लिए संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक 23 जून को आयोजित करने तथा तुलसीदामर डोलोमाइट खदान,घाघरा लाइमस्टोन खदान को खुलवाने के लिए आंदोलन तेज करने हेतु मजदूरों की बैठक शीघ्र आयोजित करने का निर्णय लिया गया।बैठक के अंत मे उन तमाम लोगो के प्रति शोक संवेदना प्रकट किया गया,जो विगत दिनों विभिन्न कारणों से दिवंगत हो गये।बैठक में गणेश सिंह,देवीदयाल मेहता,गोपाल यादव,रामनाथ उरांव,श्री राम,विद्या पासवान,खलील खांन, राम विजय सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद सदस्य राज कुमार राम ने किया।