बंशीधर नगर : अहिपुरवा गांव निवासी शारदानंद तिवारी के बैंक ऑफ इंडिया के खाता से साइबर अपराधियों ने 110000 रुपये उड़ा लिया। इस संबंध में भुक्तभोगी के द्वारा थाने में आवेदन देकर मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग किया गया है।
इसकी जानकारी देते हुए शारदानंद तिवारी की पत्नी चंपा देवी ने बताया कि शुक्रवार को पैसा निकालने के लिए जब ग्राहक सेवा केंद्र गई तो पता चला कि खाते में मात्र 2 रुपये शेष है। जानकारी के अनुसार शारदानंद तिवारी के द्वारा फरवरी 2019 में बैंक ऑफ इंडिया में अपना बचत खाता खुलवाया गया था। सितंबर 2020 तक शारदानंद के बैंक ऑफ इंडिया के खाता संख्या 61571011004378 में 1 लाख दस हजार रुपये था। इस खाते से 11 अक्टूबर 2020 से 26 दिसंबर 2020 तक पेटीएम के माध्यम से सारी राशि की निकासी कर ली गई।
चंपा देवी ने बताया कि खाते में 2 रुपये होने की जानकारी मिलने पर बैंक गई तो पता चला कि नोएडा उत्तर प्रदेश में पेटीएम के माध्यम से इस खाते से तीन माह के अंदर कई बार में राशि की निकासी की गई है। बकौल चंपा पति की तबीयत खराब है। इलाज के लिए पैसा निकालने ग्राहक सेवा केंद्र गई थी, तब जानकारी मिली कि खाते में रुपये है ही नहीं।