भंडरिया : प्रखंड कार्यालय प्रांगण में अखिल भारतीय आदिवासी महासभा द्वारा अपनी मांगों के समर्थन में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का आयोजन किया। धरना के बाद 5 सूत्री मांग पत्र मुख्यमंत्री के नाम प्रखंड विकास पदाधिकारी भंडरिया को सौंपी गई।
धरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि रंका अनुमंडल में पांच प्रखंड आते हैं। सभी आदिवासी बहुल क्षेत्र हैं। परंतु अभी तक इस प्रखंड क्षेत्र को अधिसूचित क्षेत्र में शामिल नहीं कर अनुमंडल के आदिवासियों के साथ अन्याय किया जा रहा है। वक्ताओं ने कहा भंडरिया और बडगड प्रखंड को डाल्टनगंज विधानसभा क्षेत्र में शामिल कर यहां के लोगों को उपेक्षित रखा गया है। वक्ताओं ने कहा कि झारखंड में हुए हाल सर्वे किसानों के लिए जी का जंजाल बन गया है।
किसानों के खेत जमीन के झगड़े और बढ़ गए हैं। इसे सुधार कराने की आवश्यकता है।
धरना के बाद दिए गए मांग पत्र में रंका अनुमंडल के सभी प्रखंडों को अधिसूचित क्षेत्र में शामिल करने, रंका अनुमंडल को नया विधानसभा क्षेत्र बनाने और आदिवासियों के लिए आरक्षित करने, वन अधिकार कानून के तहत किए गए दावा पत्रों का निष्पादन अतिशीघ्र करने, आदिवासियों की जमीन पर दूसरे का नाजायज कब्जा हटाने आदि मांग शामिल है।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय आदिवासी महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष जेपी मिंज, सचिव सुनील किस्पोट्टा, जिला अध्यक्ष चैतु सिंह, प्रखंड अध्यक्ष केश्वर केरकेट्टा, हिरामन सिंह, शीलानंद तिग्गा, लॉरेंस कुजुर, हरिदास तिर्की ने सभा को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन राजेश कुमार ने की। कार्यक्रम में काफी लोग उपस्थित थे।