भंडरिया : प्रखंड के ग्राम नौका स्थित सरदार बल्लभ भाई पटेल मैदान में पतंजलि योगपीठ सह भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के बैनर तले 100 घंटे का सहयोग शिक्षक प्रशिक्षण संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण 20 मार्च से निरंतर चल रहा था। जिसमें अष्टांग योग, प्राणायाम, विभिन्न आसन सहित प्राकृतिक उपचार आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षुओं को लिखित एवं अभ्यास के माध्यम से विस्तार से समझाया गया। जिसमें भंडरिया प्रखंड के कई गाँवों के दर्जनों युवकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के अंतिम दिन हवन पूजन किया गया। जिसमें सह योग शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रशिक्षुओं ने नित्यदिन योगकक्षा लगाने का संकल्प लिया।
प्रशिक्षण समापन के अवसर पर पतंजलि सह राज्य प्रभारी रासबिहारी तिवारी ने योग को जन-जन तक पहुँचाने का अह्वान किया। उन्होंने जैविक कृषि, जल संरक्षण, वृक्षारोपण के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया, वहीं पेड़ पौधों की सुरक्षा, पशुधन की सुरक्षा के लिए कई मार्गदर्शन दिया। उन्होने योग के वैज्ञानिक आधार पर होने वाले लाभ से अवगत कराते हुए योग से होने वाले शारीरिक, मानसिक व आर्थिक लाभ की विस्तृत जानकारी दी।
मौके पर भारत स्वाभिमान जिला प्रभारी नागेंद्र तिवारी, पतंजलि जिला प्रभारी ईश्वरी ठाकुर, प्रखंड पतंजलि प्रभारी कृष्ण मुरारी, नितेश कुमार, बिपिन कुमार, सुरजीत सिंह, देवानंद सिंह, अजीत केशरी, बिजय ठाकुर, श्रवण ठाकुर, बिजय सिंह, प्रमोद सिंह, रामभजन सिंह आदि दर्जनों लोग मौजूद थे।