बंशीधर नगर : बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के कोईंदी गांव के खरवारा टोला निवासी बुधन भुइयां के मकान के निकट खलिहान में बुधवार की शाम करीब 6 बजे आग लग गई। खलिहान से होते हुए आग खपड़ैल मकान तक पहुंच गई। जिससे खलिहान में रखा गेहूं, चना, मटर व मसूर के बोझा सहित मकान जलकर राख हो गया। अगलगी की इस घटना में करीब एक लाख रुपये का नुकसान होना बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शाम में बुधन भुईयां के मकान के निकट खलिहान में रखा गेहूं के बुझा से आग की लपटें निकलने लगी। आग इतनी तीव्र थी कि देखते ही देखते खलिहान से होते हुए आग खपरैल मकान को भी अपने आगोश में ले ली। इसमें खलिहान में रखा एक सौ से अधिक गेहूं का बोझा, मटर चना व मसूर के बोझा सहित पूरा खपड़ैल मकान जलकर राख हो गया।
आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण अपने घरों से बाल्टी व पानी लेकर आग बुझाने दौड़े।
इधर छठू भुइयां ने अपना डीजल पंप चला व करीब 200 फिट पाइप जोड़कर आग बुझाने के लिए पानी उपलब्ध कराया। जब तक लोग आग पर काआबू पाते तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था। समय रहते यदि आग पर काबू नहीं पाया जाता तो अन्य ग्रामीणों का भी मकान व खलिहान जल सकता था। बुधन भुईयां ने प्रशासन से क्षतिपूर्ति देने की गुहार लगाया है। आग बुझाने में छठू भुइयां, राजकुमार भुइयां, मोतीचंद भुइयां, जगमोहन सिंह, कपील यादव, राजधानी भुइयां सहित बड़ी संख्या में टोले के महिला-पुरुष शामिल थे।