बंशीधर नगर : झारखंड में कोरोना का तेजी से बढ़ते संक्रमण को देखते हुये गढ़वा जिला प्रशासन पूरी तरह से एलर्ट हो गया है। जिले के उपायुक्त राजेश कुमार पाठक के निर्देश पर मंगलवार से झारखंड-यूपी बॉर्डर पर बिलासपुर में कोरोना जांच शुरू हो गया है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित कोरोना जांच शिविर में स्वास्थ्य कर्मियों के द्वारा उत्तरप्रदेश से झारखंड आने वाले लोगों की कोरोना जांच किया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक 90 लोगो का कोरोना जांच किया जा चुका है। बॉर्डर पर आयोजित कोरोना जांच शिविर के लिये मजिस्ट्रेट के साथ साथ पुलिस बल को तैनात किया गया है। कोरोना जांच के दौरान कोरोना पॉजिटिव पाये जाने वाले लोगों को तत्काल जिला में बनाये गये कोविड सेंटर में रखा जायेगा।
शिविर के पहले दिन कार्यपालक दण्डाधिकारी सह अंचलाधिकारी अजय तिर्की, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी अमित कुमार, थाना प्रभारी लालबिहारी प्रसाद व अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ सुचित्रा कुमारी ने शिविर का जायजा लिया तथा कर्मियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
अनुमंडलीय अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ सुचित्रा कुमारी ने बताया कि आज से बॉर्डर पर कोरोना जांच शुरू हो गया है। यूपी से झारखंड आने वाले लोगों की कोरोना जांच की जा रही है। साथ ही ट्रॉमा सेंटर एवं अनुमंडल कार्यालय में कोरोना का टीका लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कोरोना जांच के दौरान कोरोना पॉजिटिव पाये जाने वाले लोगों को तत्काल जिला में बनाये गये कोविड सेंटर में रखा जायेगा।